सोलन के सरकारी हस्पताल के लैब में , रिपोर्ट मे आ रही गड़बड़ी

ख़बर अभी अभी सोलन ब्यूरो

08 जून  2024

क्षेत्रीय अस्पताल की लैब में टेस्ट करवाने के लिए खड़े मरीज। मरीजों को आ रही हैं दिक्कतें, दोबारा करवाने पड़ रहे टेस्ट क्षेत्रीय अस्पताल की सरकारी लैब में मरीजों की रिपोर्ट में गड़बड़ी आ रही है। इससे मरीज उपचार करवाने के लिए असमंजस में पड़ गए हैं। रिपोर्ट अलग-अलग आने से मरीजों का उपचार भी समय पर शुरू नहीं हो पा रहा है। बताया जा रहा है कि लैब की रिपोर्ट में यह गड़बड़ी बीते एक सप्ताह से आ रही है। 24 घंटे के भीतर करवाए जाने वाले टेस्ट में ही काफी अंतर आ रहा है। मजबूरन अब मरीजों को निजी लैब के धक्के खाने पड़ रहे हैं। सरकारी लैब में तैनात तकनीशियन भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

अधिकतर दिक्कत आधे दिन बाद मशीन में लगाए जाने वाले सैंपलों में आ रही है। उनमें काफी अंतर आ जाता है। वहीं, स्वास्थ्य महकमा दावा कर रहा है कि दिन के बाद वोल्टेज कम और ज्यादा होने से सैंपल सही प्रकार से नहीं जंच पा रहे हैं। साथ ही सॉफ्टवेयर में भी दिक्कत आ रही है। इससे रिपोर्ट का डाटा गड़बड़ होने की आशंका है। ऐसे में रिपोर्ट में गड़बड़ होने से मरीज के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ हो सकता है। रिपोर्ट देखने के बाद चिकित्सक भी चौंक रहे हैं। संबंधित बीमारी की पुन: जांच करने के लिए चिकित्सक मरीजों को बार-बार टेस्ट लिख रहे हैं।

क्षेत्रीय अस्पताल जिले का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर रोजाना 1500 की ओपीडी इन दिनों जा रही है। मेडिसिन, हड्डी रोग, सर्जन समेत अन्य ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। मरीजों को सही उपचार देने के लिए चिकित्सक कई प्रकार के रक्त से संबंधित टेस्ट लिखते हैं। इसके बाद मरीज टेस्ट करवाने के लिए सरकारी लैब में जाते हैं। जहां पर 12:00 बजे तक मरीजों को टेस्ट की सुविधा दी जाती है। लेकिन इन दिनों यहां पर मरीज टेस्ट करवाने में कतराने शुरू हो गए हैं।

मरीजों की सरकारी लैब में लंबे इंतजार के बाद बारी आती है। इसके बाद संबंधित स्टाफ मरीजों के रक्त सैंपल लेता है और रिपोर्ट का इंतजार करने के लिए कहा जाता है। रिपोर्ट मिलने के बाद मरीज ओपीडी में जाकर रिपोर्ट की जांच करवाता है तो चिकित्सक उसे पुन: टेस्ट करवाने की राय देते हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल की लैब प्रमाणित है। यहां की रिपोर्ट में अगर कोई दिक्कत आ रही है तो मरीज लिखित में शिकायत दे सकता है। इस पर विभागीय कार्रवाई होगी। फिर भी लैब स्टाफ से इस बारे बात की जाएगी।

Share the news