सोलन-परवाणू फोरलेन में अधिकतर जगहों में सर्विस रोड नहीं, जहां है वहां खड़े हो रहे वाहन

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

24 अप्रैल 2023

कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर परवाणू से सोलन के बीच अधिकतर जगहों में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से सर्विस रोड नहीं बनाए गए है। जहां पर बने भी है वहां पर अवैध पार्किंग हो रही है। हाईवे पर रबोन से आंजी तक सर्विस रोड बनाया है। लेकिन यहां पर में हमेशा वाहन खड़े रहते हैं। इसके चलते रोजाना हादसों के मामले सामने आ रहे हैं। अधिकतर समस्या सोलन बाईपास, कुमारहट्टी फ्लाईओवर, धर्मपुर और जाबली के बीच आ रही है। जहां पर हमेशा दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। हैरत की बात यह है कि सोलन-परवाणू फोरलेन में डीपीआर बनाते समय सर्विस रोड बनाने का प्रस्ताव नहीं डाला गया। जिससे प्रमुख जगहों में सर्विस रोड का निर्माण नहीं हो पाया है। लेकिन अब लोगों को दिक्कतें आनी शुरू हो गई हैं। वहीं संपर्क मार्गों से हाईवे पर निकलने वाले वाहनों को सीधे ही मिलना पड़ रहा है। ऐसे में हाईवे पर बने चौक पर टक्कर के मामले अधिक हो गए हैं। लगातार बढ़ते दुर्घटनाओं के मामलों पर कोई उच्चाधिकारी संज्ञान नहीं ले रहा है।

परवाणू-सोलन फोरलेन का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। लेकिन अब हाईवे पर कई प्रकार की खामियां सामने आ रही हैं। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हाईवे पर सोलन के सपरून चौक पर सर्विस रोड नहीं बन पाया है। इससे बड़ोग बाईपास यानी शिमला से कालका की ओर जाने वाले वाहनों को कोई दिक्कत नहीं आ रही हैं। लेकिन कालका से शिमला की ओर आने वाले वाहनों को यहां पर दूसरी ओर पार करने में दिक्कत आ रही है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news