
सोलन : आज माननीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा पांच महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया, जिसका भारतीय जनता पार्टी हार्दिक स्वागत करती है।
इनमें सबसे महत्वपूर्ण उद्घाटन पानी के टैंक का रहा, जिस पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत आई है। यह राशि केंद्र सरकार की Tied Grant के अंतर्गत प्राप्त हुई। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी, माननीय प्रधानमंत्री Narendra Modi जी का हार्दिक धन्यवाद करती है।
भारतीय जनता पार्टी, सोलन शहरी मंडल, वर्तमान में हो रही लोकतांत्रिक मूल्यों की अवहेलना पर गंभीर चिंता व्यक्त करती है। एक ऐसा व्यक्ति, जो न तो किसी संवैधानिक पद पर है और न ही उसने कोई शपथ ली है, वह चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपमान कर रहा है और कुछ सरकारी कर्मचारी उसका सम्मान कर रहे हैं यह पूरी तरह अलोकतांत्रिक है।
हम संबंधित विभाग से मांग करते हैं कि ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री से भी आग्रह करते हैं कि ऐसे तत्वों पर तत्काल अंकुश लगाया जाए, क्योंकि इस प्रकार की गतिविधियां सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।
इसके अतिरिक्त, वार्ड नंबर 9 में स्थित विवेकानंद सामुदायिक भवन की उद्घाटन पट्टिका को रातों-रात हटाया जाना अत्यंत निंदनीय है। भारतीय जनता पार्टी इस घटना का कड़े शब्दों में विरोध करती है।
भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि कुछ लोग अलोकतांत्रिक तरीके से सोलन की राजनीति में हस्तक्षेप कर रहे हैं और उनकी सोच स्पष्ट रूप से शहरी विकास विरोधी है। पूर्व में भी नगर पंचायत कंडाघाट को डिनोटिफाई करवाने का प्रयास किया गया, जो जनभावनाओं के विपरीत था।
हम माननीय मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने इस मानसिकता को पहचानते हुए नगर पंचायत का दर्जा पुनः बहाल रखा।
अंत में, भारतीय जनता पार्टी यह मांग करती है कि लोकतंत्र की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।





