सोलन शहर के वार्ड-6 में शिमला की तर्ज पर जल्द ही बनाया जाएगा ओपन थियेटर

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

18 अप्रैल 2023

सोलन शहर के वार्ड-6 में जल्द ही शिमला की तर्ज पर ओपन थियेटर बनाया जाएगा। इसके लिए करीब 10,00,000 रुपये का बजट खर्च होगा, जिसमें करीब 250-300 लोगों के लिए बैठने की सुविधा होगी। जवाहर पार्क में इसके लिए निगम ने पहले ही जगह का चयन कर लिया था। थियेटर बनने से जहां एक ओर स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। वहीं मंच के माध्यम से कलाकार प्रदेश की संस्कृति, परपंराओं के बारे में लोगों को अवगत करवा पाएंगे।

शहर के लिए ओपन एयर थियेटर अपनी तरह का पहला अनुभव है। खुले आसमान के नीचे लोग एक साथ बैठकर कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे। थियेटर के बनने से स्थानीय कलाकारों को अधिकतर लाभ पहुंचेगा। शहर में उचित प्लेटफॉर्म नहीं होने के चलते मजबूरन कलाकारों को बाहरी राज्यों में जाना पड़ता है। जानकारी के अनुसार जवाहर पार्क में बने पानी के टैंक पर थियेटर का मंच बनना है। इसके लिए निगम की ओर से पहले पानी के टैंक की मजबूती जांची जाएगी। जिसके बाद ही इसपर मंच बनाया जाएगा।

शहर में नगर परिषद के समय साल 2013-14 में ओपन थिएटर, नेशनल फ्लैग और बास्केट बॉल कोर्ट को लेकर योजना बनाई गई थी। लेकिन यह योजना वर्तमान तक सिरे नहीं चढ़ पाई। अब निगम के कार्यकाल में इस योजना को अमल में लाया जा रहा है। इसे लेकर निगम ने टेंडर लगा दिया है। जल्द ही शहरवासियों को ओपन एयर थियेटर समर्पित कर दिया जाएगा।
नगर निगम सोलन के उपमहापौर राजीव कौड़ा ने कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए शहर के वार्ड-6 में ओपन एयर थियेटर बनना प्रस्तावित है। जल्द ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news