
साईं संजीवनी हॉस्पिटल, सोलन में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर सिरमौर निवासी 36 वर्षीय संजना को नया जीवन दिया है।
हॉस्पिटल के डॉक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि संजना पिछले कई महीनों से लगातार पेट दर्द और पेट में बढ़ती सूजन से परेशान थीं। उन्हें लंबे समय तक बीमारी के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया। जब उन्होंने साईं संजीवनी हॉस्पिटल में जांच करवाई तो परीक्षणों के बाद सामने आया कि उनके पेट में एक अत्यंत बड़ी रसौली विकसित हो रही थी।
डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन से पहले संजना का हीमोग्लोबिन मात्र 6 ग्राम रह गया था। उन्हें तुरंत भर्ती कर 6 यूनिट खून चढ़ाया गया, इसके बाद सर्जरी की गई। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन में लगभग 7.5 किलो वजनी रसौली निकाली गई, जो आपस में चिपकी हुई आंतों से जुड़ी थी और उन्हें गंभीर परेशानी पहुंचा रही थी।
इस सफल ऑपरेशन में डॉक्टर संजय अग्रवाल के साथ एनेस्थिटिस्ट डॉ. मनदीप कुमार गोमा, डॉ. सविता अग्रवाल सहित स्टाफ सदस्य सुनील कुमार, अनु चौहान, अंजना शर्मा, डॉ. अक्षय कुमार और डॉ. आशीष ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ऑपरेशन के बाद संजना की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। उनके परिजन डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त करते हुए इसे ईश्वर की कृपा बता रहे हैं।





