स्कूलों में आवश्यकता से अधिक नियुक्त 163 प्रवक्ताओं के तबादले

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो
13 मार्च 2024

हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूलों में आवश्यकता से अधिक नियुक्त 163 प्रवक्ताओं के तबादले कर दिए हैं। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों का युक्तिकरण करते हुए रिक्त पदों वाले स्कूलों में इन शिक्षकों को नियुक्तियां दी हैं। प्रदेश में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही 33 स्कूलों के प्रिंसिपल भी बदल दिए हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से इस बाबत अधिसूचनाएं जारी की गईं। अन्य क्षेणियों में भी सरप्लस शिक्षकों को इसी सप्ताह स्थानांतरित किया जाएगा। इनकी सूचियां भी लगभग तय हो गई है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की मंजूरी के बाद इन शिक्षकों को भी बदला जाएगा।

उच्च शिक्षा निदेशालय ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिला को छोड़कर शेष दस जिलों के 81 स्कूलों में कार्यरत अंग्रेजी विषय के प्रवक्ताओं के तबादले अन्य स्कूलों में कर दिए हैं। अंग्रेजी विषय के यह 81 शिक्षक जिन स्कूलों में सेवाएं दे रहे थे वहां आवश्यकता से अधिक शिक्षक नियुक्त थे। विद्यार्थियों की संख्या होने और अधिक शिक्षक नियुक्त होने के चलते इनके तबादले किए गए हैं।बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर और ऊना जिला के स्कूलों में कार्यरत हिंदी विषय के 23 प्रवक्ताओं के भी तबादले किए गए हैं।
इसी प्रकार राजनीति शास्त्र के 12, इतिहास के सात, गणित के नौ, अर्थशास्त्र के दस, फिजिक्स के नौ, कैमेस्ट्रिी के दस और कामर्स विषय के दो प्रवक्ताओं को भी युक्तिकरण के तहत स्थानांतरित कर दिया है। इन प्रवक्ताओं को अप्रैल का वेतन स्थानांतरित किए गए स्कूल से जारी होगा। बदले गए प्रवक्ताओं को नए स्कूलों में जल्द पद ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल प्रिंसिपलों को सख्त निर्देश भी दिए गए हैं कि बदले गए शिक्षकों के स्थान पर किसी अन्य शिक्षक को नियुक्ति ना दी जाए।
संबंधित विषय पढ़ने वाला एक भी विद्यार्थी नहीं होने पर बदले 19 प्रवक्ता
– शिक्षा विभाग ने संबंधित विषय पढ़ने वाला एक भी विद्यार्थी स्कूल में नहीं होने पर 19 अन्य प्रवक्ताओं के तबादले भी कर दिए हैं। इन स्कूलों में संबंधित विषयों को भी समाप्त कर दिया गया है। निदेशालय से जारी अधिसूचना के तहत अंग्रेजी विषय में कुठेड चंबा से प्रवक्ता कृष्ण सिंह को दियूर चंबा और रनोल शिमला से विनोद कुमार को सेरी शिमला स्कूल में भेजा गया है। प्रवक्ता इतिहास सविता नेगी को शवगा कंडो स्कूल सिरमौर से शडियार सिरमौर स्थानांतरित किया गया है।

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो
13 मार्च 2024

Share the news