
केंद्रीय महिला एवं विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी देश जोड़ो आंदोलन पर निकले हैं। कांग्रेस की राजकुमारी जब अमेठी में होती हैं तो मस्जिद में जाती हैं और अब चुनाव के समय हिमाचल आकर मंदिरों में घंटी बजा रही हैं।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
2 नवंबर 2022
केंद्रीय महिला एवं विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी देश जोड़ो आंदोलन पर निकले हैं। कांग्रेस की राजकुमारी जब अमेठी में होती हैं तो मस्जिद में जाती हैं और अब चुनाव के समय हिमाचल आकर मंदिरों में घंटी बजा रही हैं। उन्होंने कहा कि कमल का चुनाव चिह्न ही भाजपा का प्रत्याशी है। स्मृति ईरानी किन्नौर के भावानगर में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कार्यकर्ताओं की गुंडई के कारण जय श्रीराम के नारे लगाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को अत्याचार सहना पड़ता है। किन्नौर के भाजपा कार्यकर्ता बड़े गर्व के साथ जय श्रीराम का नारा लगा रहे हैं।
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसने के साथ भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों पर जमकर निशाना साधा। कहा कि जो भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहें हैं, वे सिर्फ विपक्ष को मजबूत कर रहे हैं। पहले जब भाजपा कार्यकर्ता राम मंदिर निर्माण के लिए जय श्रीराम के नारे लगाते थे तो विपक्ष के लोग पूछते थे कि इसकी तारीख कब आएगी, लेकिन भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण शुरू करके दिखाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव तक भाजपा प्रत्याशी के साथ पूरी तरह डटे रहें। भाजपा प्रत्याशी सूरत नेगी ने भी जनसभा को संबोधित किया। प्रदेश पेंशनर कल्याण महासंघ के अतिरिक्त महासचिव जगत सिंह नेगी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के समक्ष भाजपा शामिल हुए। इस दौरान किन्नौर भाजपा अध्यक्ष संजीव हारा, जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव नेगी आदि मौजूद रहे।





