
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 मार्च 2023
हमीरपुर जिले के शिक्षक स्कूलों में शिक्षण कार्य का रोचक बनाने के गुर सीखेंगे। जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर सहित जिले के चार शिक्षा खंडों में टीजीटी, एलटी और शास्त्री शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय कार्यशाला आयोजित होगी। कार्यशाला का आयोजन शैक्षणिक सत्र 2022-23 के अंतर्गत करवाया जाएगा। इसके आयोजन पर 5.80 लाख रुपये खर्च होंगे। कार्यशाला में जिले भर से प्रशिक्षित संसाधन व्यक्ति 228 टीजीटी शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
समग्र शिक्षा के तहत आयोजित इस कार्यशाला में शिक्षकों को नई शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न पहलुओं और उद्देश्यों, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 (आरपीडब्लयूडी), सीखने के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने, कक्षा में पाठ योजना, पढ़ाई में रोचक गतिविधियों को जोड़ने, विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करने और भाषा विकास करने के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।समग्र शिक्षा के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों का चौमुखी विकास करवाने के लिए विभिन्न कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं ताकि स्कूल में विद्यार्थी पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में निपुण हो सकें। इन कार्यशालाओं के माध्यम से शिक्षकों को नई आधुनिक तकनीकों के साथ जोड़ा जा रहा है ताकि स्कूल में दाखिल विद्यार्थी नई तकनीकों के माध्यम से पढ़ाई कर सकें।
इस बारे में जिला शिक्षक प्रशिक्षण प्रभारी पुनीत कुमार ने कहा कि 220 स्कूल शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित की जा रही है जिसमें टीजीटी शिक्षकों को विभिन्न पहलुओं के ऊपर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





