
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
1 फरवरी 2023
हिमाचल प्रदेश में बड़े खिलाड़ियों को तैयार करने की संभावनाएं तलाशने का काम शुरू हो गया है। राज्य सचिवालय में युवा सेवाएं एवं खेल विभाग और पर्वतारोही संस्थान मनाली के कामकाज की समीक्षा करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति पर मंथन किया जाएगा। हरियाणा देश को बेहतरीन खिलाड़ी दे रहा है। हरियाणा देश में सबसे अधिक मेडल जीतने वाला राज्य है। हिमाचल भी हरियाणा के मॉडल पर आगे बढ़कर खेलों को प्रोत्साहन देगा।
खिलाड़ियों की प्राइज मनी, डाइट मनी और नौकरी सहित अन्य पहलुओं पर मंथन करने के लिए अधिकारियों को कहा गया है। हिमाचल में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को किस प्रकार से प्रोत्साहित किया जा सकता है। इस पर विचार किया जाएगा। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश में ग्रामीण ओलंपियाड शुरू करने का फैसला लेते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक खेलों का दायरा बढ़ाया जाएगा। ब्लॉक और उपमंडल स्तर पर प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। खिलाड़ियों को हर बेहतर सुविधा देने के लिए सरकार प्रयासरत रहेगी। उन्होंने खेलो इंडिया का प्रचार करने के लिए भी कहा। युवा मंत्री ने साहसिक खेलों को पर्यटन विभाग के साथ जोड़ने के लिए योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चांशल घाटी में साहसिक खेलों को शुरू किया जाएगा। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को साल 2023-24 का खेल कैलेंडर बनाने के लिए कहा।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





