
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
20 जुलाई 2023

ऊना जिला मुख्यालय के पीर निगाह रोड स्थित आईटीआई कैंपस में एक नई पहल के तहत युवाओं को नियमित रूप से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की शुरुआत की गई है। प्रतिमाह 20 तारीख को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन करते हुए विभिन्न नामी कंपनियों में आईटीआई से पास आउट हो चुके प्रशिक्षुओं को नौकरी का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। वीरवार को इसी कड़ी के तहत रोजगार मेले का आयोजन किया गया। आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया गया।
आईटीआई के प्रधानाचार्य बीएस ढिल्लों की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान हिमाचल सहित पंजाब की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं के इंटरव्यू लेने के लिए पहुंचे थे। कैंपस इंटरव्यू के दौरान 35 से अधिक आईटीआई प्रशिक्षितों ने भाग लिया। प्रधानाचार्य बीएस ढिल्लों ने कहा कि विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर पास आउट होने वाले युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईटीआई प्रशासन द्वारा हर महीने इसी तरह के रोजगार मेले आयोजित करने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कंपनियां युवाओं को अच्छे वेतनमान के साथ अन्य सुविधाओं सहित नौकरियां प्रदान कर रही हैं।





