हिमाचल: एचपीयू शिमला में तनाव जारी, चाकूबाजी के विरोध में एसएफआई का महाधरना; परिसर में भारी पुलिस बल तैनात

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में छात्र पर चाकू से हमले के बाद परिसर में तनाव की स्थिति मंगलवार को भी बनी हुई है। घटना के विरोध में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने विश्वविद्यालय परिसर में महाधरना शुरू कर दिया है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल होकर नशे और गुंडागर्दी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में क्यूआरटी के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। धरने को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय की लोकतांत्रिक संस्कृति पर लगातार हमले हो रहे हैं। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने का स्थान नहीं बल्कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक चेतना विकसित करने का केंद्र होता है। ऐसे में परिसर में हिंसा और आपराधिक घटनाएं पूरे शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करती हैं।

एसएफआई छात्र संगठन ने कहा कि विधि विभाग के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे परिसर को झकझोर दिया है। आरोप है कि पहले भी परिसर में मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनकी शिकायत पुलिस में दर्ज की गई थी। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो इस तरह की गंभीर घटना को रोका जा सकता था। धरने में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परिसर को नशे, हिंसा और असामाजिक गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में विचारों का संघर्ष तर्क और लोकतांत्रिक संवाद के माध्यम से होना चाहिए, न कि हिंसा के जरिए। धरना जारी रहने के बीच पुलिस पूरे परिसर में निगरानी बनाए हुए है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है

Share the news