हिमाचल के लाखों राशन कार्ड धारकों को अगले माह तीन किलो यानी 14 किलो आटा मिलेगा ज्यादा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

26 जुलाई 2023

हिमाचल के लाखों राशन कार्ड धारकों को अगले माह तीन किलो ज्यादा यानी 14 किलो आटा मिलेगा। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने अगस्त माह के लिए राशन की अलॉटमेंट जारी कर दी है। अगले माह एपीएल उपभोक्ताओं को प्रति राशनकार्ड 14 किलो आटा मिलेगा। सभी डिपो होल्डरों को 14 किलो के हिसाब से आटे की डिमांड देने के लिए कहा गया है। हालांकि चावल अभी पांच किलो प्रति कार्ड के हिसाब से ही मिलेगा। इसमें बढ़ोतरी नहीं हुई है। इससे पहले अप्रैल माह से डिपुओं में उपभोक्ताओं को 11 किलो प्रति राशन कार्ड के हिसाब से आटा दिया जा रहा था।

प्रदेश में कुल 19.50 लाख राशनकार्ड धारक है, जिनमें करीब 12 लाख राशन कार्ड एपीएल परिवारों के है। इन्हें इसका फायदा मिलेगा। डिपुओं पर सस्ती दरों पर राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसमें आटा, चावल समेत तीन दालें मलका, माश और दाल चना, दो लीटर तेल (रिफाइंड और सरसों), 500 ग्राम प्रति व्यक्ति चीनी और एक किलो नमक शामिल हैं। प्रदेश सरकार ने डिपो होल्डरों को महीने की पहली तारीख को गोदामों से राशन उठाने के निर्देश दिए हैं।

इस बारे में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने कहा कि अगस्त माह में एपीएल उपभोक्ताओं को 14 किलो आटा मिलेगा। इसके लिए डिपो होल्डरों को बढ़ाए गए कोटे के अनुसार डिमांड भेजने को कहा गया है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news