हिमाचल पुलिस नहीं अब सीआईएसएफ संभालेगी बीएसएल परियोजना की सुरक्षा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

4 जून 2023

हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर स्थित 990 मेगावाट की बीएसएल परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के हवाले होगी। परियोजना के निर्माण से अब तक यानी चार दशक तक सुरक्षा व्यवस्था हिमाचल प्रदेश पुलिस के हवाले थी। मगर अब केंद्र सरकार ने परियोजना की सुरक्षा को और चाकचौबंद करने का फैसला लिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था संभालने को लेकर सीआईएसएफ को तैनात करने की मंजूरी देने के साथ ही औपचारिकताएं पूरी करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

इसके बाद अब सीआईएसएफ ने बीएसएल परियोजना प्रबंधन को सुरक्षा विंग के 235 पदों के लिए प्रति व्यक्ति 2,65,500 रुपये के हिसाब से 6 करोड़ 23 लाख, 92 हजार 500 रुपये सुरक्षा जमा राशि के रूप में जमा करवाने को कहा है। इसके अलावा सीआईएसएफ ने बीएसएल परियोजना में बल की तैनाती और जवानों के लिए आवास (परिवार और एकल), परिवहन, संचार उपकरण, सुरक्षा गैजेट सहित अन्य बुनियादी को पूरा करने के लिए भी कहा है, ताकि स्वीकृत पदों पर जवानों को तैनाती हो सके और सीआईएसएफ को जल्द से जल्द सुरक्षा में शामिल किया जा सके।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news