
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
7 जून 2023
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि ने कहर ढाया है। मंडी जिले के सराज में ओलावृष्टि से किसानों-बागवानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। छतरी के साथ लगते करीब दो दर्जन से अधिक गांवों में ओलावृष्टि से सेब, नाशपाती, प्लम और आड़ू सहित अन्य फलों की फसलें तबाह हो गईं। मटर के खेतों के खेत तबाह हो गए। काकाड़धार, ब्रयोगी, नैहरा, गतू, रूहमी, छतरी, करसोग, चवासी आदि क्षेत्रों में भी भारी ओलावृष्टि हुई है, जिसके चलते मटर की फसल पूरी तरह खत्म हो गई है। साथ में स्टोन फ्रूट प्लम, खुमानी, शकरपारा, आड़ू की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। सेब के पौधों के लिए लगाए गए नेट भी कई बगीचों में टूट गए हैं।
ओलावृष्टि की मार ने मटर के खेतों में इस तरह से तबाही मचाई है कि पौधों को तो पहचानना भी मुश्किल हो गया है। किसानों और बागवानों मोहर सिंह, रामेश्वर, जयचंद, राम सिंह, किशोरी लाल, दामोदर दास, हीरा सिंह, खेम सिंह, दयाराम, पूर्ण चंद, नारायण सिंह आदि ने बताया कि रविवार रात को ओलावृष्टि होने से पूरी मेहनत बेकार हो गई है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





