
शिमला/कुल्लू | हिमाचल में बुधवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ। सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 39 और धर्मशाला में 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। 24 से 27 अप्रैल तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने का पूर्वानुमान है। शिमला सहित प्रदेश के मध्य पर्वतीय और मैदानी जिलों में 27 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा।
राजधानी शिमला और धर्मशाला में भी बुधवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। बुधवार को प्रदेश के 12 स्थानों में पारा 30 डिग्री से अधिक रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के उच्च पर्वतीय व आसपास के मध्य पहाड़ी कुछ क्षेत्रों में आगामी चार दिन मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। 24 से 27 अप्रैल तक ऊंची पहाड़ियों और आसपास के मध्य पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 28 अप्रैल से इन क्षेत्रों में भी माैसम साफ रहने की संभावना है।





