हिमाचल प्रदेश में आज से छह दिन बारिश और बर्फबारी के आसार

शिमला/कुल्लू । हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से शुक्रवार से छह दिन बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 19 और 20 जनवरी को बारिश और बर्फबारी का अधिक प्रभाव रहेगा। इस दौरान प्रदेश में ड्राई स्पेल टूटने की संभावना है। 16 से 21 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। वीरवार को मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना शीतलहर की चपेट में रहे। जलाशयों से सटे क्षेत्रों में सुबह और शाम घना कोहरा पड़ने का सिलसिला वीरवार को भी जारी रहा। हालांकि, राजधानी शिमला सहित मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में वीरवार को धूप खिलने से ठंड से कुछ राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आगामी छह दिनों के दौरान मध्यम से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले व मध्य पर्वतीय इलाकों में बारिश हो सकती है। इससे न केवल तापमान में और गिरावट आएगी, बल्कि सर्दी भी बढ़ने की संभावना है। उधर, हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड लगातार जारी है। 11 जिलों में रात का पारा पांच डिग्री सेल्सियस से कम चल रहा है। इनमें से पांच जगह तापमान शून्य व तीन स्थानों पर माइनस में दर्ज किया गया। बिलासपुर जिले में कड़ाके की ठंड के बीच घने कोहरे का भी असर दिख रहा है।

वीरवार सुबह जिले के कई हिस्सों, विशेषकर गोबिंद सागर झील के तटीय इलाकों और कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कोहरे की घनी चादर लिपटी रही। सुबह 9:30 बजे तक फोरलेन पर दृश्यता इतनी कम रही कि वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट्स जलाकर सफर तय करना पड़ा। फोरलेन पर दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई थी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। जिला ऊना में इन दिनों कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। धूप देर से निकलने और शाम को जल्दी ढल जाने के कारण सर्दी का प्रकोप और ज्यादा महसूस किया जा रहा है। वीरवार को शिमला में अधिकतम तापमान 16.9, धर्मशाला में 20.0, ऊना में 20.7, नाहन में 18.7, सोलन में 23.5, मनाली में 15.2, कांगड़ा में 21.1, मंडी में 20.2 और हमीरपुर में 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

क्षेत्र न्यूनतम तापमान
कुकुमसेरी -6.2
ताबो -4.9
कल्पा -0.5
सुंदरनगर 0.5
भुंतर 0.5
सोलन 0.6
हमीरपुर 0.8
मनाली 1.1
रिकांगपिओ 1.5
मंडी 1.7
धर्मशाला 2.0
बिलासपुर 2.5
हमीरपुर 2.6
कांगड़ा 3.0
नाहन 6.6
शिमला 7.0

Share the news