
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
19 अप्रैल 2023
हिमाचल प्रदेश में एक साल की नर्सरी टीचर ट्रेनिंग एनटीटी करने वालों को प्री प्राइमरी शिक्षक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र भेजकर एक साल के कोर्स पर भर्ती करने की मंजूरी मांगी है। नर्सरी और केजी कक्षा के बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रदेश में करीब 4000 शिक्षकों की भर्ती होनी है। बीते तीन वर्षों से यह भर्ती लटकी हुई है। हिमाचल आरंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षक योजना के तहत प्री प्राइमरी कक्षाओं में शिक्षकों की भर्ती की जानी है।
पूर्व की भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन के माध्यम से आउटसोर्स आधार पर शिक्षकों की भर्ती करने का फैसला लिया था। तत्कालीन सरकार ने शिक्षक भर्ती के लिए नियम तय होने तक आउटसोर्स आधार पर भर्ती करने को मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी थी। इसी दौरान चुनाव आचार संहिता लगने से मामला लटक गया। अब सुक्खू सरकार नए सिरे से इस भर्ती पर मंथन कर रही है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि प्री प्राइमरी शिक्षक भर्ती करने के लिए सरकार सभी विकल्पों पर विचार कर रही है। केंद्र सरकार से भी राय ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





