हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव की आहट के साथ ही भाजपा ने प्रत्याशियों पर मंथन किया शुरू

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

9 अक्तबर 2023

BJP manthan for candidates in Himachal Pradesh for Loksabha Election 2024

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव की आहट के साथ ही भाजपा ने प्रत्याशियों पर मंथन शुरू कर दिया है। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अपने नुमाइंदों को अनौपचारिक तरीके से हिमाचल भेजकर अपने कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने लगा है। इसी क्रम में गोपनीय तरीके से प्रारंभिक सर्वेक्षण शुरू हो गया है। राज्य में लोकसभा की चार सीटें हैं। यह शिमला, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा हैं।

वर्तमान में केवल मंडी संसदीय क्षेत्र से ही कांग्रेस की अकेली सांसद प्रतिभा सिंह हैं। अन्य क्षेत्रों में लोकसभा सीटों पर भाजपा काबिज है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के पास चार लोकसभा सीटें थीं। बीच में मंडी के भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा की रहस्यमय परिस्थितियों में मृत्यु होने के बाद यहां पर उपचुनाव हुए। उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह सांसद बनीं

वह पहले भी यहां से सांसद रही हैं। उसके बाद भाजपा के पास लोकसभा की तीन सीटें रह गईं। पिछली बार लोकसभा चुनाव के दौरान हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार थी। 2024 में लोकसभा चुनाव हैं और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में कांग्रेस सरकार भी चारों सीटें जीतने के लिए पूरा जोर लगाएगी। उधर, भाजपा ने चुनाव के लिए अभी से कसरत तेज कर दी है। भाजपा के लोकसभा सांसद सदस्य सक्रिय हो गए हैं।

राज्यसभा सांसद भी भाजपा को मजबूत करने के लिए बिसात बिछा रहे हैं। इसी बीच केंद्रीय नेतृत्व से संबंधित कई भाजपा नेता भी हिमाचल प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर टोह ले रहे हैं कि कौन कहां पर जिताऊ है। एक तरह से यह प्रारंभिक सर्वेक्षण की तरह ही है, जिसके बाद भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अलग-अलग चरणों के औपचारिक सर्वेक्षण करवा सकता है और स्वाभाविक रूप से संभावित प्रत्याशियों पर फीडबैक ले सकता है।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news