हिमाचल: बजट से पहले सीएम सुक्खू की अहम बैठक, अधिकारियों संग करेंगे चर्चा

हिमाचल के बजट सत्र का दूसरा चरण 18 मार्च से शुरू हो रहा है। इसमें कुल 13 सीटिंग रखी गई है। प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 मार्च को अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे। 2026-27 के बजट भाषण को फाइनल करने से पहले मुख्यमंत्री सुक्खू आज सभी विभागीय अधिकारियों की मीटिंग लेंगे। इसमें चर्चा के बाद बजट भाषण को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्य सचिव ने सभी सेक्रेटरी और विभागाध्यक्ष को मीटिंग में मौजूद रहने के निर्देश दिए है। इस मीटिंग में इनकम सोर्स जुटाने, खर्च कम करने को लेकर भी चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री ने पहले ही सभी विभागों को इनकम बढ़ाने के लिए सुझाव देने को कह रखा है, लिहाजा आज विभागाध्यक्ष और सेक्रेटरी बताएंगे कि किस प्रकार राज्य की इनकम बढ़ाई जाए, क्योंकि हिमाचल सरकार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही है। बता दें कि राज्य पर एक लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज हो गया है। इस बीच केंद्र ने लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) भी बंद कर दी है। इससे पहले राज्य की लोन लेने की सीमा GDP के मुकाबले 5 प्रतिशत से घटाकर 3 प्रतिशत कर दी गई है। जून 2022 के बाद 3000 करोड़ रुपए का GST कंपनसेशन भी बंद है। ऐसे में सीएम सुक्खू के सामने बजट भाषण में नई घोषणाएं शामिल करने और चुनावी घोषणा पत्र के वादे पूरी करने की घोषणा बड़ी चुनौती रहने वाली है। इन सब मसलों पर आज मीटिंग में चर्चा होगी। मीटिंग में विभागों से प्राप्त प्रस्तावों, योजनाओं और वित्तीय प्रावधानों की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि बजट को अंतिम रूप दिया जा सके।

Share the news