

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच गुरुवार दोपहर बाद ऊना जिला के बंगाणा, बड़ूही, हरोली और मैहतपुर में आधा घंटा बारिश हुई। हमीरपुर, मंडी, चंबा और कुल्लू में धूप खिली रही। उमस ने लोगों को पसीने छुड़ा दिए। राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार से प्रदेश में मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। कुछ क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश होने के आसार हैं। 21 से 23 जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 21 या 22 जून को प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की भी प्रबल संभावना बन गई है।
बारिश के अलर्ट के बीच गुरुवार को प्रदेश के मौसम के अलग-अलग रंग दिखे। ऊना जिले में कुछ इलाकों में वीरवार सुबह 11 बजे तक बादल छाए रहे। दोपहर को धूप खिली। दोपहर बाद बारिश हुई। इसके बाद मौसम सामान्य हो गया। शाम के समय उमस भरी गर्मी ने दोबारा लोगों को परेशान किया। हमीरपुर में मौसम साफ बना रहा है। दिनभर धूप खिली रही। मंडी में भी दिनभर मौसम साफ रहा। धूप खिलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। कुल्लू और लाहाैल-स्पीति जिला में भी मौसम साफ रहा। बारिश का दौर थमते ही अब किसान मक्की, राजमा की बिजाई में जुट गए हैं। बागवानों ने भी प्लम, खुमानी का तुड़ान तेज कर दिया है। जिला कांगड़ा में भी धूप खिली रही। हालांकि, धर्मशाला क्षेत्र में दोपहर बाद बादल छाए रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 25 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दाैरान तापमान में भी कमी आने की संभावना है। उधर, बुधवार रात को पच्छाद में 7.4, सुंदरनगर में 5.8, कसौली व बजौरा में 3.0, जोत में 2.2, भरवाईं और चंबा में 2.0, सांगला में 1.8, कुफरी में 1.0, कल्पा में 0.7, धौलाकुआं में 0.5 और सोलन में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुधवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 17.0, सुंदरनगर में 22.4, भुंतर में 21.1, कल्पा में 12.0, धर्मशाला में 19.9, ऊना में 23.4, नाहन में 19.5, केलांग में 9.8, सोलन में 20.4, मनाली में 16.9, कांगड़ा में 23.5, मंडी में 22.6, बिलासपुर में 23.9, हमीरपुर में 26.4, चंबा में 21.1, डलहाैजी में 15.8, कुकुमसेरी में 11.2, नारकंडा में 12.1, भरमाैर में 16.9, रिकांगपिओ में 14.6, धाैलाकुआं में 25.9, कसाैली में 18.6, पांवटा साहिब में 26.0, देहरा गोपीपुर में 25.4 और बजाैरा में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
क्षेत्र अधिकतम तापमान
ऊना 38.0
हमीरपुर 37.9
बिलासपुर 34.9
धौलाकुआं 34.0
मंडी 33.8
बजौरा 33.5
बरठीं 32.6
चंबा 31.9
नाहन 30.3
धर्मशाला 30.0
शिमला 24.0



