हिमाचल में चार दिन फिर बारिश-बर्फबारी के आसार

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

9 मार्च 2024

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही शुक्रवार दोपहर को जिला किन्नौर के कड़छम-सांगला मार्ग पर तीन हिमखंड गिरे। शुक्रवार दोपहर करीब 1:00 बजे वादंग, पलिंगचे और दुर्गा मंदिर के पास हिमखंड गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। लोक निर्माण विभाग ने तीन घंटे के बाद मार्ग बहाल किया। शुक्रवार शाम तक प्रदेश में दो नेशनल हाईवे मनाली-लेह और आनी-कुल्लू समेत 362 सड़कें, 402 बिजली ट्रांसफार्मर और 17 पेयजल योजनाएं ठप रहीं।

लाहौल के तेलिंग नाला में बर्फ की कई फुट ऊंची दीवार को काटकर सड़क बहाल की जा रही है। मौसम खुलते ही घाटी में सड़कों की बहाली का काम तेज हो गया है। भारी बर्फबारी के कारण मनाली-केलांग सहित अन्य सड़कें अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। वहीं, बीआरओ की मशीनरी सिस्सू से तांदी की ओर सड़क बहाली में जुटी हैं।

प्रदेश में दो दिनों तक साफ रहने के बाद मौसम के फिर बिगड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 10 व 12 मार्च की रात से लगातार दो ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के कई भागों में चार दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 10 मार्च को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है। 11 से लेकर 14 मार्च तक ऊंचाई वाले कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं, निचले व मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ व बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

Share the news