हिमाचल में भारी बर्फबारी, 241 सड़कें और 677 बिजली ट्रांसफार्मर ठप

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

1 फरवरी 2024

Himachal Weather Update Today: Heavy Snowfall in Shimla, Chamba Many Roads And Power Transformers Stalled

हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच तीसरे दिन भी बारिश-बर्फबारी का दौर जारी है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ से लकदक हो गए हैं। जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश दर्ज हुई है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में इस सीजन व नए साल की पहली बर्फबारी हुई है। रिज व मालरोड पर मौजूद सैलानी बर्फ के फाहे गिरते देख झूम उठे। चंबा के खज्जियार में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। जिले के चुराह, भरमौर, पांगी, डलहौजी में बर्फबारी लगातार जारी है। जनजातीय क्षेत्र पांगी का संपर्क अन्य भागों से कट गया है। अधिकांश पंचायतों में बिलजी आपूर्ति ठप है।

बारिश-बर्फबारी से राज्य में गुरुवार सुबह 10:00 बजे तक छह नेशनल हाईवे और 241 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं। प्रदेश में 677 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हैं। सबसे ज्यादा 139 सड़कें लाहौल-स्पीति में बंद हैं। किन्नौर में 20, कुल्लू 11, मंडी 14 और शिमला में 13 सड़कें बंद हैं। लाहौल घाटी बर्फ से लकदक हो गई है। यहां लगातार तीसरे दिन बर्फबारी जारी है। अटल टनल के साउथ पोर्टल में दो फीट से अधिक बर्फबारी होने से लाहौल घाटी का संपर्क देश-दुनिया से कट गया है।

डोभी, कटराई से आगे वाहनों की आवाजाही बंद
भारी बर्फबारी के कारण डोभी, कटराई से आगे मनाली की तरफ कोई भी वाहन नहीं छोड़ा जा रहा। पुलिस ने मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी है। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिती में कुल्लू पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 8219681600 पर संपर्क कर सकते हैं।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news