
खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो
18 दिसंबर 2022

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से शनिवार रात को नई दिल्ली में चर्चा की। अब विधानसभा के शीत सत्र के बाद ही मंत्री बनाए जाने के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल गठन को लेकर शनिवार रात तक भी संशय बरकरार रहा। रविवार को भी इस बाबत नई दिल्ली में मंथन जारी रहेगा। कांगड़ा और शिमला जिला से दावेदार अधिक होने से कांग्रेस सरकार पसोपेश में फंस गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से शनिवार रात को नई दिल्ली में चर्चा की।
सुक्खू ने भूपिंद्र हुड्डा और दीपादास से की मुलाकात
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को नई दिल्ली में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपिंद्र सिंह हुड्डा से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। हुड्डा ने सुक्खू को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, सुक्खू ने दिल्ली में पूर्व राज्य मंत्री तथा हिमाचल कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दास मुंशी से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। दीपा दास मुंशी ने मुख्यमंत्री को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
अब 20 को भी हो सकती है प्रोटेम स्पीकर की शपथ
हिमाचल प्रदेश में विधायकों को शपथ दिलाने के लिए जवाली के कांग्रेस विधायक चंद्र कुमार को प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। चंद्र कुमार धर्मशाला में विधायकों को शपथ दिलाएंगे। धर्मशाला के तपोवन में 22 दिसंबर से प्रदेश विधानसभा का शीत सत्र शुरू होने जा रहा है। यह सत्र 22 से 24 दिसंबर तक चलेगा। इसमें पहले दिन यानी 22 दिसंबर को सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। 23 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और राज्यपाल का अभिभाषण भी होगा। 24 दिसंबर को शोकोद्गार होगा। इसी दिन शासकीय और विधायी कार्य होंगे। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण, चर्चा और पारण होगा।
खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो





