

हिमाचल प्रदेश में इस बार समर टूरिस्ट सीजन की बंपर शुरुआत हुई है। 15 अप्रैल से शुरू हुए टूरिस्ट सीजन के पहले ही हफ्ते में प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। वीकेंड पर पर्यटन स्थलों में ऑक्यूपेंसी 70 से 80 फीसदी पहुंच गई है। शिमला, कुफरी, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। आने वाले दिनों के लिए भी होटलों में एडवांस बुकिंग चल रही है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि मई और जून में पर्यटकों के हिमाचल पहुंचने का क्रम लगातार जारी रहेगा। पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ने से शिमला और मनाली में ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आ रही हैमैदानी राज्यों में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं।
शिमला में बीते तीन दिनों से संख्या में सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। राजधानी के अलावा साथ लगते पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा में भी सैलानियों का तांता लगा है। मनाली में भी सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। दिल्ली से मनाली पहुंचने वाली वोल्वो की संख्या में एक हफ्ते के भीतर दोगुना बढ़ोतरी हुई है। धर्मशाला और मैक्लोडगंज में सैलानियों की चहल-पहल बढ़ गई है। सैलानियों ने चंबा के डलहौजी का भी रुख करना शुरू कर दिया है।



