
शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज और पश्चिमी विक्षोभ के असर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला लगातार जारी है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने सात और आठ अप्रैल को प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की चेतावनी जारी की है। लाहुल-स्पीति और किन्नौर को छोडक़र शेष दस जिलों में इन दो दिनों के दौरान ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई है।
इससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सात अप्रैल को शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने, ओलावृष्टि होने और मौसम अचानक खराब होने की संभावना जताई गई है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। आठ अप्रैल को भी मौसम का असर जारी रहने की संभावना है। इस दिन शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि अन्य छह जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
अटल टनल के साउथ पोर्टल पर फंसे सैलानी
अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल के पास भारी बर्फबारी के कारण करीब एक हजार वाहन बर्फ में फंस गए थे, जिनमें सैकड़ों पर्यटक सवार थे। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया और वाहनों को मनाली की ओर डायवर्ट किया।
बारिश-बर्फबारी से ठंड ने जकड़े लोग
प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि मध्यवर्ती और निचले क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। शिमला और मनाली में भी पूरे दिन बादलों का डेरा रहा, जिससे ठंड का असर बना रहा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है।
इन क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी
बीते 24 घंटों के दौरान लाहुल, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के पांगी-भरमौर क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार गोंधला में 28.5 सेंटीमीटर, केलांग में 20 सेंटीमीटर, हंसा में पांच सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 1.3 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई।
इन क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी
बीते 24 घंटों के दौरान लाहुल, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के पांगी-भरमौर क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार गोंधला में 28.5 सेंटीमीटर, केलांग में 20 सेंटीमीटर, हंसा में पांच सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 1.3 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई।
ओलावृष्टि ने झाड़े सेब के फूल
इन दिनों सेब के बगीचों में फ्लॉवरिंग का दौर चल रहा है। ऐसे में शिमला जिले के कुछ एक क्षेत्रो में अचानक हुई तेज ओलावृष्टि ने सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई स्थानों पर बागीचों में फूल और नई कोंपलें झड़ गई हैं। सेब के पेड़ों से जमीन पर फूल गिर गए हैं, जिससे बगीचों में निराशा के बादल छा गए हैं। करीब आधे घंटे तक लगातार गिरे ओलों ने बगीचों और खेतों को सफेद चादर से ढक दिया।





