
शिमला। हिमाचल में बर्फबारी और बारिश के चलते अभी भी 592 सडक़ें और 2720 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हुए है। इस बीच लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश में सडक़ों की बहाली को लेकर मशीनरी की संख्या भी बढ़ा दी है, जबकि राज्य बिजली बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात विद्युत बहाली में जुटे हुए है। लेकिन मंगलवार रात प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दोबारा बर्फबारी और बारिश के चलते दोनों विभागों की चुनौतियां भी बढ़ गई। प्रदेश भर में बुधवार को 924 सडक़ों पर वाहनों की आवाजाही थमी हुई थी। लोक निर्माण विभाग ने बंद पड़ी इन सडक़ों में से 358 की बहाली का लक्ष्य बुधवार को रखा। देर शाम तक मिली सूचना के तहत इन सडक़ों की बहाली को लेकर पीडब्ल्यूडी ने काम चला रखा है।
पीडब्ल्यूडी से मिली जानकारी के अनुसार शिमला जोन में अभी भी 257 सडक़ों पर वाहनों की आवाजाही बंद पड़ी हुई है, जबकि 227 सडक़ों को खोलने का काम देर रात तक जारी रहा। मंडी जोन में 266 सडक़ें ठप, 83 बहाल करने का काम चला है। कांगड़ा जोन के तहत 68 सडक़ें बंद है और 47 को बहाल करने का काम बुधवार को जारी रहा। वहीं दो नेशनल हाई-वे भी बंद पड़े हुए है।
कहां, कितने ट्रांसफार्मर ठप
स्टेट एमरजेंसी आप्रेशन सेंटर से मिली जानकारी के अनुसार चंबा जिला में 200, किन्नौर में 164, कुल्लू 1024, लाहुल-स्पीति 199, मंडी 369, शिमला 1082 और सिरमौर में 156 ट्रांसफार्मर ठप पडे हुए है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पीब्डल्यूडी ने सडक़ बहाली को गति प्रदान करने के लिए मशीनरी की संख्या भी बढ़ा दी है और मौजूदा समय में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 550 मशीनें कार्य में जुटी हुई है।
पीडब्लयूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह की पर्यटकों से अपील
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल के पर्यटक स्थलों पर आने वाले टूरिस्टों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने आग्रह किया है कि अगर सडक़ पर फिसलन होने के कारण वाहन नहीं गुजर पा रहे है, तो उन्हें सडक़ किनारे खड़ा करें। मंत्री ने कहा कि कुफरी और फागू में इसी के चलते जाम की स्थिति पैदा हुई थी। लिहाजा इसको लेकर एसपी शिमला से भी बात की है।





