#हिमाचल में 6 जिलों में 607 जगहों पर लगाए जाएंगे BSNL के मोबाइल टावर|

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

21 जनवरी 2023

हिमाचल में BSNL के मोबाइल टावर लगने जा रहे हैं। प्रदेशवासियों को 5G इंटरनेट उपलब्ध कराने की दिशा में यह प्रयास किया जा रहा है। टॉवर लग जाने के बाद लोगों को पहले 4G सर्विस मिलेगी। 5G सर्विस लॉन्च होने के बाद इन्हीं टॉवर से लोगों को सर्विस दी जाएगी। टॉवर लगाने के लिए फॉरेस्ट डिपार्टमेंट से NOC लेनी होगी, जिसके लिए मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने वन अधिकारियों की मीटिंग भी बुला ली है।

हिमाचल में इस समय 2134 गांव ऐसे हैं, जो पुअर नेटवर्किंग की समस्या से जूझ रहे हैं। BSNL ने इन 2134 गांवों को चिन्हित कर लिया। इन गांवों में अभी लोगों को 2G और 3G की सेवा ही मिल रही है। कई गांवों में इंटरनेट कनेक्टिविटी ही नहीं है। इन 2134 गांवों में नेटवर्किंग सुविधा को मजबूत करने के लिए ही BSNL 607 टावर लगाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, 607 टावरों में से 380 टावर फॉरेस्ट लैंड में लगेंगे। लिहाजा इन टावरों को लगाने के लिए BSNL को वन विभाग से NOC लेना जरूरी होगा। वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र जल्दी मिल सके, इसके लिए ही मुख्य सचिव ने वन अधिकारियों के साथ एक बैठक बुलाई है, जिसमें इस मसले को सुलझाया जाएगा।

हिमाचल को 2024 तक 5जी सर्विस की सुविधा से जोड़ने के लिए यह इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों का मानना है कि जब तक हिमाचल में 5जी सर्विस को शुरू किया जाता है, तब तक गांवों को 4G की नेटवर्किंग सुविधा से जोड़ा जा रहा है, ताकि 5जी की नेटवर्किंग देने में सुविधा हो।

सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक मुकेश रेपसवाल ने बताया कि BSNL ने हिमाचल के 6 जिलों 607 टावर लगाने हैं। शिमले जिला में सबसे ज्यादा 212, धर्मशाला में 123, हमीरपुर में 37, कुल्लू में 73, मंडी में 78, सोलन में 84 टावर लगेंगे। टावरों को लगाने का पूरा खर्च केंद्र सरकार वाहन करेगी। 600 करोड़ से ज्यादा का बजट है।

BSNL के चीफ जनरल मैनेजर जेएस सहोता ने कहा कि फॉरेस्ट डिपार्टमेंट से NOC मिलते ही टावर लगाने का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा।

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news