हिमाचल में OPS की बहाली हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने पहली कैबिनेट मीटिंग में ही प्रस्ताव पर मुहर लगाकर चुनावी वादा निभाया है। इसके बाद CM सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले OPS का वादा किया था और हमने वादे के मुताबिक पहली ही कैबिनेट में इसे पूरा कर दिया है।
CM ने कहा कि इससे 1.36 कर्मचारियों को आज से ही OPS का लाभ मिलना शुरू हो गया है। कैबिनेट के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज या कल वित्त विभाग इसकी अधिसूचना जारी करेगा। इसे लागू करने से पहले ही साल 800 से 900 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
CM ने कहा कि OPS के अलावा महिलाओं को महिलाओं को 1500 रुपए देने और एक लाख युवाओं के रोजगार की दृष्टि से 2 कैबिनेट सब कमेटी गठित की गई हैं। OPS की गारंटी आज से लागू है, जबकि 2 गारंटी लागू करने का फैसला अगले महीने होगा।
11 हजार करोड़ की कर्मचारियों की सरकार पर देनदारी
सुक्खू ने कहा कि हमने आंकलन करके पता लगाया कि कर्मचारियों का पिछली सरकार ने 9 हजार करोड़ का एरियर देना है। DA का 1000 करोड़ रुपए देना है। कुल मिलाकर 11 हजार करोड़ रुपए की देनदारी कर्मचारियों की सरकार पर है। जयराम सरकार ने नए पे कमीशन के लाभ तो दे दिए मगर, एरियर का भुगतान नहीं किया गया।
CM ने कहा कि 4430 करोड़ का एरियर सैलरी और 5226 करोड़ का एरियर पेंशनधारकों का बकाया है। पूर्व सरकार ने 900 के करीब संस्थान खोल दिए गए। अगर इनका खर्चा जोड़ दिया जाए 5000 करोड़ का बोझ सरकार पर पड़ना था। इसी तरह 380 स्कूल, 23 कालेज खोल दिए। स्टाफ तैनात नहीं किया गया। साथ लगते संस्थानों से डेपुटेशन पर स्टाफ तैनात किया गया।
CM ने कहा कि सरकार पर कुल कर्ज और कर्मचारियों की देनदारी जोड़ दी जाए तो जयराम सरकार उन पर 86 हजार करोड़ का कर्जा छोड़कर गई है। यदि 900 संस्थान बंद नहीं किए होते तो सरकार पर 91 हजार करोड़ का कर्ज हो जाता।
वैट से आने वाली रकम से देंगे पेंशन
CM ने कहा कि सरकार ने डीजल पर 3 रुपए वैट बढ़ाया है। इससे आने वाली रकम से NPS कर्मचारियों को पेंशन दी जाएगी। एरियर के लिए आय के संसाधन पैदा करने पड़ेंगे। अभी एरियर का पैसा देने के लिए पैसा नहीं है। छत्तीसगढ़ के फॉर्मूले पर OPS लागू करेंगे।
केंद्र के पास कर्मचारियों का 8000 करोड़ जमा
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि केंद्र के पास हिमाचल के कर्मचारियों का 8000 करोड़ रुपए जमा है। उन्होंने केंद्र से इस राशि को वापस करने के लिए लिखा था, मगर केंद्र इसे देने को इन्कार कर रहा है।वह कह रहे हैं कि यदि कोई व्यक्तिगत तौर पर मांगेगा तो हम देने पर विचार करेंगे।
महिलाओं को 1500 रुपए देने को कैबिनेट सब कमेटी
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में 1500 रुपए मासिक पेंशन देंगे। पहली ही कैबिनेट में 1500 देने का फैसला लिया। इसके लिए धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार, अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में कैबिनेट सब कमेटी बनाई गई। यह 30 दिन में रिपोर्ट देंगी कि किस तरह से पेंशन दी जाए। इसके बाद इसे लागू करेंगे।
युवाओं के रोजगार के लिए कैबिनेट सब कमेटी गठित
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि हमने एक लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया था। इस दृष्टि से हर्षवर्धन चौहान जगत सिंह नेगी और रोहित ठाकुर के नेतृत्व में कैबिनेट सब कमेटी बनाई। ये भी 30 दिन में अपनी रिपोर्ट देकर बताएंगी कि किस तरह एक लाख युवाओं को रोजगार दिया जाए।
मंडी में एक लाख कर्मचारी करेंगे CM का स्वागत
OPS बहाली के बाद कर्मचारी अब मंडी में स्वागत समारोह करेंगे। NPS संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि एक लाख कर्मचारी मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे। इससे पहले कैबिनेट खत्म होने के बाद सचिवालय के बाहर NPS कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।