
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
27 अक्तूबर 2023

प्रधानमंत्री कार्यालय से आई चिट्ठी राज्य सरकार के वन महकमे के लिए जी का जंजाल बन गई है। पीएमओ के निर्देश पर केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने इस संबंध में उपयुक्त कार्रवाई करने के लिए कहा है। मगर असल में क्या करना है, यह विभाग की समझ से परे है। राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने पीएमओ से 1,000 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद जारी करने की मांग की थी। इसका कारण बरसात में भारी बारिश से वन संपदा को पहुंचा नुकसान बताया गया था। खाची ने अगस्त महीने में एक चिट्ठी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी थी। उन्होंने लिखा कि राज्य में करीब 28 प्रतिशत वन क्षेत्र है।
इसके संरक्षण की जरूरत है। मौजूदा नुकसान से जिस तरह से वन भूमि में मृदा क्षरण और भूमि कटाव हुआ है, उसकी भरपाई के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। उन्होंने थुनाग समेत कई क्षेत्रों में वन विभाग की लकड़ी के बाढ़ में बह जाने का भी मामला उठाया तो इस पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने वन मंत्रालय को चिट्ठी भेजी कि इस बारे में उपयुक्त कार्रवाई करें। केंद्रीय वन मंत्रालय ने आगे हिमाचल प्रदेश सरकार के वन विभाग को ही पत्र भेज दिया कि इस बारे में कार्रवाई की जाए। अब विभाग की समझ से परे है कि यह पत्र तो आर्थिक मदद मांगने के लिए भेजा गया था। इस पर किस तरह की उपयुक्त कार्रवाई की जानी चाहिए। राज्य वन विभाग के प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन राजीव कुमार ने कहा कि इस चिट्ठी का अध्ययन कर रहे हैं।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





