
हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे घरेलू हिंसा के मामलों के मद्देनजर अब शादी से पहले युवक-युवतियों की काउंसलिंग होगी। इसके लिए तेरे मेरे सपने नाम से हिमाचल के सभी जिलों में प्री मैरिटल कम्युनिकेशन केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों में शादी योग्य हो चुके युवक-युवतियों को वैवाहिक जीवन को सफल बनाने के टिप्स दिए जाएंगे। घरेलू हिंसा के मामलों को कम करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग ने हिमाचल सरकार को हर जिला में प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर खोलने के निर्देश दिए थे। आयोग की अध्यक्ष के साथ मीटिंग के बाद मुख्य सचिव ने इसके लिए सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके बाद कांगड़ा जिले में प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर खोलने की कवायद तेज हो गई है। महिला व बाल विकास को इसका जिम्मा सौंपा गया है।
प्रदेश में घरेलू हिंसा के मामले लगातार बढ़ रहे
हिमाचल प्रदेश में घरेलू हिंसा के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कांगड़ा जिले में ही घरेलू हिंसा के मामलों में पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो गई है। साल 2024-25 में विभाग के पास कुल 798 मामले आए थे। वर्ष 2025-26 में 546 मामले घरेलू हिंसा के आ चुके हैं। हालांकि, इनमें से विभाग ने 275 मामलों में समझौता करवाया है, जबकि 139 मामले अभी न्यायालय में लंबित हैं। ये आंकड़े नवंबर 2025 तक के हैं। नवंबर के बाद की रिपोर्ट विभाग के पास मार्च में आएगी। महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि कांगड़ा में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में एक जैसे ही मामले देखने को मिल रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार घरेलू हिंसा के मामलों में 10 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। मामलों को कम करने के लिए प्री मैरिटल कम्युनिकेशन केंद्र खोले जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। संवाद
नशे और अपेक्षाओं के चलते बढ़ रही घरेलू हिंसा
विभाग के मुताबिक, सबसे ज्यादा घरेलू हिंसा के मामले देहरा खंड और सबसे कम नगरोटा सूरियां से आए हैं। आंकड़ों के अनुसार बैजनाथ से 49, भवारना से 36, धर्मशाला से 43, फतेहपुर से 24, इंदौरा से 36, कांगड़ा से 28, लंबागांव से 38 और नगरोटा बगवां से 45 मामले सामने आए हैं। नूरपुर से 40, परागपुर से 49, रैत से 31, सुलह और पंचरुखी से 30 मामले सामने आए हैं। विभाग का कहना है कि घरेलू हिंसा के अधिकतर मामले नशे और शादी के बाद बढ़ रहीं अपेक्षाओं के कारण सामने आ रहे हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। हाल ही में आयोग की अध्यक्ष की मुख्य सचिव के साथ बैठक के बाद सभी जिलों के उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों में केंद्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इन केंद्रों में शादी से पहले लड़के-लड़कियों की काउंसलिंग की जाएगी।-पंकज ललित, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग





