
खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो
25 मार्च 2024
होली मनाने के लिए पहाड़ों की रानी शिमला में सैकड़ों की तादाद में सैलानी पहुंचे। रविवार को दिनभर बाहरी राज्यों से शिमला आने वाले वाहनों का सिलसिला जारी रहा। होटलों में 70 फीसदी कमरे बुक हैं। सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से शहर के कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। होली से एक दिन पहले ही रविवार को बड़ी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने से पर्यटन कारोबारी अच्छे मुनाफे की उम्मीद कर रहे हैं। रिज मैदान और माल रोड पर दिनभर सैलानियों की भीड़ जुटी रही। होटल कारोबारियों के अनुसार शुक्रवार तक जहां शहर के होटलों में 40 फीसदी कमरे ही बुक थे, वहीं शनिवार को कमराें की बुकिंग बढ़कर 70 फीसदी तक पहुंच गई थी।
शहर की सभी पार्किंग दोपहर बाद ही फुल हो गई। लिफ्ट, मेट्रोपोल, पुराने बस अड्डे और रेलवे की पार्किंग भी शाम तक फुल हो गई। इसके बाद पार्किंग के लिए सैलानी भटकते रहे। लिफ्ट से लेकर टॉलैंड तक सड़क के दोनों ओर भी सैलानियों ने गाड़ियां खड़ी रहीं। चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, कोलकाता और महाराष्ट्र से होली मनाने के लिए सैलानी शिमला पहुंचे हैं। इसमें फ्रेंड्स ग्रुप और विवाहित जोड़े शामिल हैं। रविवार को कार्ट रोड को मालरोड से जोड़ने वाली एचपीटीडीसी लिफ्ट में भी पूरा दिन सैलानियों की कतारें लगी रहीं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि होली के चलते वीकेंड पर होटलों में बुकिंग बढ़ गई है। इससे होटल कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो





