हिमाचल प्रदेश के भाजपा विधायक हंसराज पर युवती द्वारा लगाए गए अश्लील चैटिंग मामले में एक नया मोड़ आया है। जिस युवती ने विधायक पर आरोप लगाए थे वो अब अपने आरोपों से पलट गई है। चुराह की युवती ने भाजपा विधायक पर संगीन आरोप लगाए थे। युवती ने छेड़छाड़ और अश्लील फोटो मांगने की बात कही थी। लेकिन अब केस दर्ज करवाने के 11 दिन बाद युवती अपने आरोपों से पलट गई है।
युवती ने कहा कि उनसे 9 अगस्त को विधायक के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। युवती ने बताया कि 16 अगस्त को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया था। युवती ने बताया कि उसने जज के सामने बिना किसी दबाव के यह बात कही कि मानसिक रूप से परेशान और बहकावे में आकर उसने यह शिकायत दर्ज करवाई थी। युवती ने विधायक पर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया। युवती ने कहा कि कांग्रेस के नेता अब उसे बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने कोर्ट में भी बयान दिया है। युवती ने कहा कि वह और उनका परिवार विधायक के साथ पहले भी था और अब भी है। उनके पिता भाजपा के ही बूथ अध्यक्ष हैं।