14 महीने से सुलग रही चिंगारी बनी आग, सरकार गठन के बाद ही शुरू हो गया था सुधीर की नाराजगी का सिलसिला

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

28 फरवरी 2024

rajya sabha election result: Sudhir sharma resentment started only after the formation of the government

हिमाचल कांगड़ा क्षेत्र की अनदेखी को लेकर नाराज चल रहे विधायक सुधीर शर्मा ने राज्य सरकार के खिलाफ बगावत कर दी है। इस रास्ते पर उनके करीबी राजेंद्र राणा समेत चार अन्य विधायक भी शामिल हैं। नाराजगी का यह सिलसिला हिमाचल में सरकार गठन के बाद ही शुरू हो गया था, जब सुधीर को उपेक्षित नजरों से देखा गया। उनके साथ कदमताल मिलाने वाले दूसरे विधायक राजेंद्र राणा थे। राणा इसलिए बागी हो चुके थे, क्योंकि धूमल जैसे कद्दावर नेता को हराने के बाद भी उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया। करीब 14 माह से सुलग रही यह चिंगारी राज्यसभा चुनाव में भड़क गई।

मंत्री पद न मिलने से सुधीर शर्मा सरकार बनने के बाद से ही नाराज चल रहे थे। लेकिन 11 दिसंबर 2023 को सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद हुए मंत्रिमंडल विस्तार में भी सुधीर को जगह नहीं मिली। सुधीर लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। संस्कृत भाषा में महाभारत से लेकर श्रीमद्भागवत गीता के जरिये सोशल मीडिया में विधायक ने अपने शब्दबाण छोड़े, लेकिन सुधीर की नाराजगी को प्रदेश सरकार भांप नहीं पाई। प्रदेश सरकार का खुफिया तंत्र भी सरकार को इस बारे में सही तरीके से अवगत नहीं करवा पाया।

राजीव शुक्ला से वार्ता, नाराजगी भांप नहीं पाए
22 अक्तूबर 2023 को धर्मशाला में क्रिकेट विश्वकप के मैचों के दौरान विधायक सुधीर और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने एचपीसीए के होटल में गपशप की थी। उस दौरान इस मुलाकात की राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री अपने विधायकों की नाराजगी को हल्के में लेती रही और इसी बीच मंगलवार को सुधीर शर्मा हरियाणा रवाना हो गए।

धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम से शुरू हुआ था टकराव
11 दिसंबर 2022 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद जब 21 दिसंबर 2022 को सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली पर आभार रैली में भाग लिया था तो उस दौरान भी सुधीर शर्मा और मुख्यमंत्री के बीच टकराव सामने आया था। मंच पर जब सभी मंत्रियों के साथ हाथ से हाथ पकड़कर मुख्यमंत्री सुक्खू एनपीएस कर्मचारी यूनियन का आभार जता रहे थे तो इस दौरान सुधीर ने मुख्यमंत्री का हाथ पकड़ना चाहा, लेकिन मुख्यमंत्री ने उनका हाथ छिटक दिया था। बाद में इस घटनाक्रम का वीडियो खूब वायरल हुआ था।

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

Share the news