
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*
22 जुलाई 2023
ऊना जिले में ईकेवाईसी के अतंर्गत राशन कार्डों को आधार कार्ड से जोड़ा जा रहा है। ताकि समस्त पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सके। वर्तमान में प्रथम चरण में जिले के कुल 5,98,685 उपभोक्ताओं में से 3,37,091 उपभोक्ताओं की ईकेवाईसी की प्रक्रिया को पूर्ण किया जा चुका है तथा 2,61,560 उपभोक्ताओं की ईकेवाईसी अभी शेष है।
जिले में कुल 1,51,421 राशन धारक हैं और कुल 5,98,685 उपभोक्ताओं को उचित मूल्य की दुकानों पर बायोमैट्रिक प्रणाली के माध्यम से सरकार द्वारा सस्ती दरों पर हर माह राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। उपायुक्त राघव शर्मा ने 15 अगस्त से पूर्व राशन कार्ड में दर्ज सभी उपभोक्ताओं से अपनी-अपनी ईकेवाईसी संबंधित नजदीकी उचित मूल्य की दुकान में करवाने का आह्वान किया। उपभोक्ताओं को आधार कार्ड सहित नजदीकी उचित मूल्य की दुकान में उपस्थित होकर अपनी ईकेवाईसी बायोमीट्रिक माध्यम से करवानी अनिवार्य है।
उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि ईकेवाईसी का कार्य जारी है। इससे विभाग के पास पूरा डेटाबेस तैयार हो रहा है। यदि ईकेवाईसी नहीं करवाते हैं तो भविष्य में दिक्कतें आ सकती हैं। ऐसे में सभी ईकेवाईसी करवाएं। ईकेवाईसी से संबंधित अन्य जानकारी के लिए नजदीकी उचित मूल्य की दुकान, संबंधित खंड निरीक्षक, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ऊना के दूरभाष नंबर 01975-226016 या 1967 पर संपर्क किया जा सकता है।
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*





