
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
6 जुलाई 2023

परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में बीते सात दिनों में 203 घरों में लारवा की जांच की गई। इस दौरान 15 घरों में डेंगू का लारवा पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत लारवा युक्त पानी को गिरा दिया। वहीं लोगों को भी पानी को ढककर रखने के लिए कहा है ताकि डेंगू को फैलने से समय पर रोका जा सके। राहत की बात यह है कि इस बार अभी तक डेंगू पॉजिटिव का एक भी मामला नहीं है। लेकिन बारिश के बाद महकमे को चिंता सता रही है।
गौर रहे कि परवाणू क्षेत्र में डेंगू को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कसी हुई है। इसके चलते विभाग की टीम लगातार लोगों के घरों में जाकर लारवा की भी जांच कर रही है। इसी के साथ नगर परिषद परवाणू की ओर से भी गली-मौहलों और वार्डों में फॉगिंग और दवाओं का छिड़काव भी किया जा रहा है। बीते दिनों में परवाणू के साथ लगते टकसाल गांव में 12 घर, उच्चा परवाणू के दो और सेक्टर-एक के एक घर में लारवा पाया गया। इसे तुरंत नष्ट कर दिया है।
वहीं अभियान के तहत टीम घर-घर जा कर पानी के टैंक, ड्रम, कूलर, फ्रिज और गमलों आदि की जांच की भी जांच कर रही है। पिछले लगभग सात दिन में नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने परवाणू के सेक्टर-एक, उच्चा परवाणू, टकसाल और चंद्रेणी गांव में करीब 203 घर में लगभग 220 पानी टंकियां, 400 ड्रम, 24 कूलर और 150 रेफ्रिजरेटर की जांच की गई।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





