27 जून को नीलाम होगी करोड़ों के घोटाले में फंसी इंडियन टेक्नोमैक

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

23 अप्रैल 2023

4,300 करोड़ रुपये के बहुचर्चित कर एवं बैंक कर्ज घोटाले में फंसी इंडियन टेक्नोमैक कंपनी की नीलामी प्रक्रिया फिर अपनाई जाएगी। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद राज्य कर विभाग ने कंपनी की शेष चल-अचल संपत्तियों की नीलामी 27 जून को निर्धारित की है। साथ ही इसी साल 18 जनवरी को 6.36 करोड़ की हुई पिछली नीलामी को हाईकोर्ट ने खरीदार बद्दी की अग्रवाल इंटरप्राइजेज के राजिंद्र अग्रवाल के पक्ष में मंजूरी दे दी है। प्राधिकृत अधिकारी ने यह राशि एफडीआर के तौर पर हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के नाम जमा करवा दी है। अब विभाग कंपनी की अन्य चल-अचल संपत्तियों की नीलामी करेगा। तीन सेक्टरों में बंटी यह कंपनी कुल 265 बीघा भूमि में फैली है। विभाग ने कंपनी की हर संपत्ति का अलग-अलग मूल्य निर्धारित किया है।

इसमें भूमि से लेकर भवन और शेड, प्लांट और मशीनरी, वाहन, स्विच यार्ड, ब्रिक लाइन आदि लॉट शामिल हैं। पिछली नीलामी में विभाग ने इसका आरक्षित मूल्य 165 करोड़ रखा था। इसमें 6.36 करोड़ की नीलामी होने के बाद अब 159 करोड़ की चल-अचल संपत्तियों को बेचने की प्रक्रिया को अपनाया जाएगा। राज्यकर विभाग के संयुक्त आयुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी जीडी ठाकुर ने बताया कि 27 जून को फिर नीलामी होगी। पिछली नीलामी राशि (6,36,23,651 रुपये) का 100 फीसदी अग्रिम भुगतान जमा हो चुका है। नीलामी के लिए निविदा पुस्तक एक मई से प्राधिकृत अधिकारी सह संयुक्त आयुक्त दक्षिण प्रवर्तन जोन परवाणु के कार्यालय में उपलब्ध होगी।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news