
खबर अभी अभी मंड़ी ब्यूरो
27 मार्च 2024

हॉट सीट मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा का टिकट मिलने के बाद अभिनेत्री कंगना रणौत पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत की ओर से सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मंडी में भाजपा तल्ख हो गई है। पूर्व सीएम जयराम ठाकुर सहित संगठन के पदाधिकारियों और विधायकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए महिला कांग्रेस नेता का विरोध शुरू कर दिया है। भाजपा ने बुधवार को सेरी मंच पर कांग्रेस नेता के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर में एक रोष रैली निकाली। इसमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं का अपमान करने वाली कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया है कि वे कभी नारी शक्ति का सम्मान नहीं कर सकती।
आज कंगना रणौत ने अभिनय के क्षेत्र में कामयाबी के झंडे गाड़ने के बाद राजनीति में कदम रखा तो कांग्रेसियों में बौखलाहट पैदा हो गई है। यह वही कांग्रेस है जिनके रहते प्रदेश में गुड़िया हत्याकांड हो गया और वे कुछ नहीं कर पाए। लेकिन मंडी की बेटी का जिस तरह से अपमान करने की कोशिश की गई है उसे किसी भी सूरत से बर्दाशत नहीं किया जाएगा। मंडी की बेटी के अपमान का बदला न सिर्फ मंडी बल्कि पूरे प्रदेश और देश की जनता लेगी।





