
देश-विदेश के कोने-कोने से हिमाचल आने वाले सैलानियों के लिए खुशखबरी है। समर सीजन में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्यटन निगम ने 16 मई से मनाली से रोहतांग दर्रे और शिमला-कुफरी-नालदेहरा की सैर करवाने के लिए डीलक्स टेंपो ट्रैवलर बस सेवा शुरू करने जा रहा है। निगम के मुताबिक सैलानियों के लिए वेबसाइट www.hptdc.in पर जाकर सीटों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी गई है। इस दौरान पर्यटक बर्फ से लकदक स्थलों का दीदार कर सकेंगे।
हिमाचल पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) 800 रुपये में पर्यटन स्थलों का सैर करवा रहा है। मनाली से रोहतांग दर्रा के लिए 16 सीटर टेंपो ट्रेवलर सेवा सुबह 9 बजे शुरू होगी। इस दौरान पर्यटकों को मनाली से नेहरू कुंड, कोठी, मढ़ी, गुलाबा, राहला वाटर फॉल, रोहतांग पास की सैर करवाई जाएगी। पर्यटकों को ट्रैवलर शाम साढ़े पांच बजे वापस मनाली छोड़ेगा। रोहतांग दर्रा से पर्यटक हसीन वादियों और बर्फ से लकदक चोटियों को एक साथ निहार पाएंगे। इस सेवा के लिए एचपीटीडीसी ने ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल खोल दिया है। साथ ही एडवांस बुकिंग को लेकर जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है।





