#90 लाख मांगे, 55 लाख मिले…टिकट बेचकर बुरे फंसे AAP विधायक अखिलेशपति, कैश के साथ 3 करीबी गिरफ्तार*

aap mla akhileshpati in trouble by selling tickets

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

16 नवंबर 2022

 

दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने आम आमदी पार्टी पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। AAP के विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी पर MCD चुनाव के लिए टिकट बिक्री के आरोप लगे हैं। 55 लाख रुपए देने के बावजूद टिकट नहीं मिलने से नाराज दावेदार की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने ऐक्शन लिया है। एसीबी ने विधायक के रिश्तेदार समेत 3 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है। एसीबी ने 33 लाख रुपए नकदी की भी बरामदगी की है।

टिकट के बदले रिश्वत

एसीबी ने प्रेस रिलीज किया है जिसमें बताया गया कि मॉडल टाउन के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ओम सिंह नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है, जो विधायक का साला बताया जा रहा है। ओम सिंह के अलावा विधायक के पीसी शिव शंकर पांडेय उर्फ विशाल पांडेय और प्रिंस रघुवंशी को MCD चुनाव में टिकट के बदले रिश्वत स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कमला नगर निवासी गोपाल खाड़ी ने एसीबी से शिकायत की थी। उनका आरोप था कि उनकी पत्नी शोभा खारी को टिकट देने के लिए पैसे लिए गए थे, लेकिन सूची में उनका नाम नहीं था। एसीबी ने बताया कि 14 नवंबर को गोपाल खारी ने शिकायत में कहा कि वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ता है और 2014 से ही पार्टी में एक्टिव है। गोपाल के मुताबिक, 9 नवंबर को विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी से मुलाकात करके उन्होंने पत्नी के लिए वार्ड नंबर 69 कमला नगर से टिकट देने की अपील की। इसके लिए विधायक ने 90 लाख रुपए रिश्वत की मांग की।

आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा

एसीबी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 35 लाख रुपए अखिलेशपति को और 20 लाख रुपए वजीरपुर  से विधायक राजेश गुप्ता को दिए। बचे हुए 35 लाख रुपए टिकट मिलने के बाद देने की बात कही गई। 12 नवंबर को जब उम्मीदवारों की सूची आई तो गोपाल को अपनी पत्नी का नाम नहीं दिखा। इसके बाद ओम सिंह ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया और उन्हें भरोसा दिया कि अगले चुनाव में टिकट दिया जाएगा। उसने रिश्वत की रकम लौटाने का भी ऑफर दिया।

 

एसीबी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने ऑडियो और वीडियो सबूत भी सौंपे। इसके बाद एसीबी ने एसीपी राजेंद्र कुमार की अगुआई में एक टीम का गठन किया। 15-16 नवंबर की रात टीम ने शिकायतकर्ता गोपाल के घर जाल बिछा दिया। यहां पर जब अखिलेश पति त्रिपाठी के तीनों करीबी 33 लाख रुपए वापस करने आए तो स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में रंगे हाथ पकड़ लिया गया। एसीबी ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। 33 लाख रुपए भी जब्त कर लिए गए हैं। एसीबी ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share the news