कांग्रेस ने अपने ही चार पार्षदों के बैठक में न आने पर रोका विकास कार्यों का बजट

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

25 जनवरी 2023

 

नगर निगम सोलन में कांग्रेसी पार्षदों के बीच खींचतान कम नहीं हो रही है। कांग्रेस ने अपने ही चार पार्षदों के बैठक में न आने पर विकास कार्यों का बजट रोक लिया है। ये वे पार्षद हैं जिन्होंने महापौर और उपमहापौर के खिलाफ विधानसभा चुनाव से पहले अविश्वास प्रस्ताव लाया था। लेकिन सदस्यों की संख्या पूरी न होने पर उपायुक्त ने अविश्वास प्रस्ताव खारिज कर दिया था। महापौर पूनम ग्रोवर ने कार्रवाई करते हुए इन पार्षदों के वार्ड में विकास कार्यों को जारी होने वाला 20,00000 रुपये का बजट रोक लिया है।इससे निगम में एक बार फिर राजनीति गरमा गई है और कांग्रेसी पार्षदों की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। हालांकि इस बैठक में दो अन्य पार्षद जिसमें एक पार्षद भाजपा और एक कांग्रेस से भी मौजूद नहीं थे। इन दोनों पार्षदों ने बैठक में न आने के बारे में पहले ही सूचित कर दिया था। जिसके बाद इन दो पार्षदों को विकास बजट दे दिया है।

सोमवार को निगम का सातवां जरनल हाउस आयोजित किया था। इस जरनल हाउस में कांग्रेस पार्षदों की राजनीति देखने को मिली है। बैठक में वार्ड चार से संगीता ठाकुर, वार्ड सात से पूजा, वार्ड 10 से ईशा पराशर और वार्ड 17 के पार्षद सरदार सिंह मौजूद नहीं थे। इन पार्षदों ने जरनल हाउस से पहले होने वाली उप कमेटियों की बैठक से भी दूरी बनाई थी। इसके बाद अनुमान लगाया जा रहा था कि यह पार्षद जरनल हाउस में भी नहीं आएंगे। जरनल हाउस से इन पार्षदों ने दूरी बनाई और उसका खामियाजा भुगताना पड़ है कि कांग्रेस के इन पार्षदों को बजट ही नहीं जारी हुआ। वहीं वार्डों में विकास कार्यों के शुरू करवाने के लिए लोग इंतजार कर रहे हैं। लेकिन बजट के अभाव में इन चार वार्डों में विकास कार्य शुरू नहीं हो पाएंगे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news