हमीरपुर में औषधीय पौधों को नहीं मिल रहा बाजार

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

27 जून 2023

गुणवत्ता युक्त औषधीय पौधों की बिक्री के लिए बाजार और विपणन व्यवस्था न होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश औषधीय पादप बोर्ड किसानों को औषधीय खेती करने के लिए प्रेरित तो अवश्य करता है, लेकिन किसान की औषधीय उपज के विपणन और बिक्री की व्यवस्था नहीं करता।

इस कारण औषधीय पादप बोर्ड द्वारा किसानों से लगवाए गए औषधीय पौधों के उत्पाद महज अनुदान का जरिया बनकर रह गए हैं। इससे औषधीय पौधों की खेती करने के प्रति किसानों का रुझान भी कम हो रहा है। आने वाले समय में आयुर्वेदिक औषधियां की निर्माता कंपनियों के लिए कच्चा माल मिलना भी मुश्किल हो जाएगा।

औषधीय पौधों की खेती करने वाले किसान चंद्रशेखर शर्मा, ताराचंद और विजय ठाकुर आदि ने सरकार से औषधीय उपज की बिक्री करने के लिए विपणन की व्यवस्था करने की मांग की है। राज्य औषधीय पादप बोर्ड के नोडल अधिकारी डॉ. रविंद्र शर्मा ने कहा कि फिलहाल राज्य औषधीय पादप बोर्ड की ओर से अभी ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि किसान अपने स्तर पर ही अपनी औषधीय उपज को बेचते हैं। किसानों की ओर से यदि ऐसी कोई मांग की जाएगी तो इस विषय को राज्य औषधीय पादप बोर्ड की बैठक में प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा, ताकि किसानों के लिए बाजार और विपणन की व्यवस्था हो सके।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news