# पिछले कई वर्षों से हैंडबॉल कोच को तरस रहे खिलाड़ी|

खबर अभी अभी ब्यूरो

28  जून 2023

 हैंडबॉल खेल की नर्सरी और हब के रूप में प्रसिद्ध हिमाचल प्रदेश का ऊना जिला इन दिनों हैंडबॉल में बुरे दौर से गुजर रहा है। हालत यह है कि पिछले सात-आठ वर्षो से यहां पर हैंडबॉल का कोई भी कोच उपलब्ध नहीं होने के कारण खिलाड़ियों का प्रशिक्षण व्यापक स्तर पर प्रभावित हो रहा है। हैंडबॉल के पूर्व में रह चुके वरिष्ठ खिलाड़ियों का कहना है कि कोष उपलब्ध नहीं होने के कारण वर्तमान समय में यह खेल अपने बेहद बुरे दौर से गुजर रहा है। प्रशिक्षक नहीं होने के चलते स्कूल और कॉलेज स्तर पर पढ़ने वाले बच्चे भी हैंडबॉल के प्रति दिलचस्पी लेना बंद कर रहे हैं। हैंडबॉल के दम पर अच्छा मुकाम हासिल करने वाले इन खिलाड़ियों का कहना है कि सरकार इस मामले में पहल करें और हैंडबॉल का कोच एवं एक अच्छा मैदान जिला के खिलाड़ियों को उपलब्ध कराया जाए।

दूसरी तरफ जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष प्रवीण दुबे का कहना है कि यहां के हैंडबॉल खिलाड़ियों ने इसी खेल के दम पर न केवल अच्छा मुकाम हासिल किया है बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जिला का मान-सम्मान भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह वह खिलाड़ी है जिन्हें समय-समय पर प्रशिक्षण और खेल की बारीकियां सिखाने के लिए कोच उपलब्ध होते रहे हैं। लेकिन वर्तमान हालात में पिछले करीब 7 से 8 वर्ष का अरसा बीत जाने के बावजूद हैंडबॉल का कोच उपलब्ध नहीं हो पाया है और यही इस खेल के सबसे बुरे दौर का अहम कारण है। उन्होंने कहा कि केवल प्रशिक्षक ही नहीं मैदान उपलब्ध करवाने में भी सरकार नाकाम रही है। पिछले 8 वर्ष में यहां पर हैंडबॉल के एक खेल मैदान का निर्माण कार्य इंदिरा गांधी खेल परिसर में चल रहा है लेकिन आज तक यह खेल मैदान खिलाड़ियों के हवाले ही नहीं किया जा सका है।

वहीं, जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी चंद्रमोहन शर्मा का कहना है कि विभाग को हैंडबॉल कोच की कमी के बारे में सूचित किया गया है। उन्होंने कहा कि हैंडबॉल कोर्ट के उपलब्ध होने से हैंडबॉल की बहुत सारी प्रतिभाओं को ना सिर्फ मंच मिलेगा अपितु वह अपने आप को निखार कर जिला का मान-सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर तक बढ़ा सकते हैं।

Share the news