
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
17 जुलाई 2023
भारी बारिश के बीच ब्यास नदी की बाढ़ ने कई लोगों के आशियाने छीन लिए। विपदा की इस घड़ी में फंसे लोगों की मदद के लिए कई हाथ उठे। फंसे पर्यटकों और अन्य लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कर मानवता की मिसाल पेश की गई, लेकिन कुछ लोग आपदा में भी अवसर बनाने से पीछे नहीं हट रहे। खाने-पीने की वस्तुओं को कई गुना अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। एक परांठे के 140 रुपये, 10 रुपये की मैगी के 70 रुपये वसूले जा रहे हैं।
शिकायतें मिलने पर जब पहचान न बताकर एसडीएम ने एक जगह चाय पी तो दुकानदार ने एसडीएम से भी 50 रुपये वसूल लिए। खाद्य पदार्थों को महंगा बेचने की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर ट्रोल होने से मनाली की छवि भी दागदार हो गई है। हालांकि, इस तरह के मामले इक्का-दुक्का ही सामने आए। प्रशासन ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। ऐसे मामले में चेतावनी दी गई। 9 और 10 जुलाई को आई बाढ़ में लोगों ने बहुत कुछ खोया। प्रशासन के साथ कई समाजसेवी आगे आए, लेकिन अधिक दाम वसूलने से कुछ लोगों ने देवभूमि की छवि को नुकसान पहुंचाया है।
मनाली शहर में एक दुकानदार ने एक परांठे का 140 रुपये का बिल बना दिया। ग्राहक के होश फाख्ता हो गए। मामला एसडीएम तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस को मौके पर भेजकर दुकानदार को चेतावनी दी गई। इतना ही नहीं, एसडीएम सड़क खुलवाने के लिए खुद मौके पर गए। एक ढाबे में चाय पीने बैठे तो दुकानदार ने एक चाय के 50 रुपये मांग लिए। हालांकि अधिकारी के परिचय देने के बाद दुकानदार ने टालमटोल कर चाय बड़े गिलास में देने और साथ में बिस्कुट देने की बात कही। इसे भी चेतावनी दी गई।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





