
खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो
7 मार्च 2024
खोज की भावना को बढ़ावा देने और वैज्ञानिक प्रगति के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के बेसिक साइंस विभाग ने हिमाचल प्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस, टेक्नोलॉजी एंड एनवायरनमेंट एवं राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, भारत सरकार के सहयोग से तीन सप्ताह का अभियान चलाया जिसके तहत कई गतिविधियों का आयोजन किया गया।
विभाग ने छात्रों को अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करने और युवाओं के बीच वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए इस कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञ व्याख्यान, पेंटिंग, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं, पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, भाषण और नाइट स्काई अवलोकन का आयोजन किया गया। छात्रों और शिक्षकों के बीच वैज्ञानिक नवाचार और कौशल को बढ़ावा देने के लिए मैनेज, हैदराबाद के कृषि विस्तार के निदेशक डॉ. सरवनन राज और माउंट ट्राइब एग्रीटेक, देहरादून के सीईओ और सह-संस्थापक रवि बिभूति ने ‘स्टार्ट-अप समस्या वक्तव्य एक्सप्लोरेशन’ पर व्याख्यान दिये। उन्होंने छात्रों को अपना उद्यम शुरू करने और इस उद्देश्य के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम के तहत विभाग ने विकसित भारत के लिए स्वदेशी प्रौद्योगिकी विषय के तहत राष्ट्रीय विज्ञान दिवस भी मनाया, जिसमें वैज्ञानिक उन्नति में पारंपरिक ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आशु चंदेल और डॉ. नीरजा राणा ने विभाग के शिक्षकों और छात्रों के साथ सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोठो और गलानग का दौरा किया, जहां स्कूली छात्रों के लिए वैज्ञानिक भावना और उनके बीच रचनात्मकता सोच को बढ़ाने के लिए कई विज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो





