कांग्रेस के बागी विधायकों को अयोग्य ठहराने के विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर रोक लगाने से इनकार

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

18 मार्च 2024

disqualify six rebel Congress leaders case Hearing update in supreme court

हिमाचल प्रदेश के छह बागी कांग्रेस विधायकों को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने प्रदेश के छह बागी कांग्रेस विधायकों को अयोग्य ठहराने के विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सोमवार को सुनवाई की। बागी नेताओं की ओर से पेश वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने मामले को अदालत में पेश किया। सुप्रीम कोर्ट ने बागी नेताओं की उन्हें अयोग्य ठहराने के विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर संबंधित प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने बागी नेताओं को अयोग्य ठहराने के विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।  साथ ही वोट देने या सदन की कार्यवाही में भाग लेने की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया। मामले की सुनवाई 6 मई को होगी। दोनों को पक्षों को चार सप्ताह के भीतर जवाबी हलफनामा दाखिल करना होगा।

नियमों के तहत हुई कार्रवाई:विनय कुमार
हिमाचल विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि आज सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ गया है। 6 मई को फिर सुनवाई होगी और विधानसभा सचिवालय को जो नोटिस जारी किया गया है उसका हम जवाब देंगे। जो भी कार्रवाई हुई है वो नियमों के तहत हुई है।

बता दें, प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने व्हिप का उल्लंघन करने पर छह कांग्रेस विधायकों सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा, इंद्रदत्त लखनपाल, रवि ठाकुर, देवेंद्र भुट्टो और चैतन्य शर्मा की योग्यता रद्द कर दी थी।  व्हिप जारी होने के बावजूद ये विधायक सदन में बजट पारित होने के दौरान उपस्थित नहीं हुए, जिसके चलते विस अध्यक्ष ने इन पर कार्रवाई की थी। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करने वाले इन बागियों ने विस अध्यक्ष के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
कुटलैहड़ में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का टीवी पर अपडेट लेते रहे लोग
हिमाचल प्रदेश के छह बागियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली हैं। वहीं, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जहां पर भाजपा-कांग्रेस सहित देवेंद्र कुमार भूटटो समर्थकों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के लिए सुबह से हीटेलीविजन  के सामने डटे रहे। कार्यकर्ताओं को चुनावों को लेकर अभी भी असमंजस बरकरार है कि बागी विधायकों का क्या बनेगा। देवेंद्र कुमार भूटटो के समर्थकों को भी आज पूरी उम्मीद थी कि आज फैसला हो जाएगा। परंतु अब फिर से छह मई का इंतजार करना पड़ेगा।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news