
मनाली/शिमला।
हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी से पूरा पहाड़ी इलाका बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है। बर्फबारी के चलते देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रुख कर रहे हैं, जिससे पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार मिली है।
हिमाचल प्रदेश ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरा लाल राणा ने बताया कि नए साल के बाद भी मनाली और आसपास के क्षेत्रों में होटलों की ऑक्यूपेंसी लगभग 80 प्रतिशत बनी हुई है और आने वाले दिनों में कारोबार और बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बर्फबारी पर्यटकों को आकर्षित करने का सबसे बड़ा कारण बनी हुई है।
एक दिन मौसम साफ रहने के बाद शनिवार को कुल्लू-मनाली और लाहौल की ऊंची चोटियों में फिर से बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहा।
कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे पर लगातार तीसरे दिन उड़ानें रद्द रहीं। कोहरे के कारण ऊना में ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं। शनिवार को कालका-शिमला रूट की तीन ट्रेनें निर्धारित समय से देर से चलीं, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने इन सात जिलों में 7 जनवरी तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 6 जनवरी को किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित चंबा, कांगड़ा और मंडी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। अन्य क्षेत्रों में 6 जनवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
शिमला में अधिकतम तापमान 12.6, ऊना 16.6, नाहन 11.8, सोलन 19.0, मनाली 10.6, कांगड़ा 12.3, मंडी 15.6 और हमीरपुर में 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री
प्रदेश के 17 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। कुकुमसेरी में माइनस 7.0, ताबो में माइनस 6.4 और कल्पा में माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला और कुंजुम दर्रे सहित पीर पंजाल की पहाड़ियों में भी बर्फबारी से शीतलहर और तेज हो गई है।





