
शिमला । सात लाख रुपए का चंबा रूमाल शिमला में चल रहे हिम एमएसएमई फेस्ट-2026 की शान बन गया है। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित चंबा की अंजलि वकील शिमला में चल रहे एमएसएमई हिमफेस्ट-2026 के तहत आयोजित वन डिस्ट्रिक-वन प्रोडक्ट कार्यक्रम में यह विशेष रूमाल लेकर आई हैं। पीटर हाफ में सजे उनके स्टाल पर इस अनूठी कला की बारीकियों को जानने के लिए लोगों में भी खूब दिलचस्पी देखने को मिली। ‘दिव्य हिमाचल’ से बातचीत में अंजलि वकील ने बताया कि इस कारीगरी के लिए वर्ष 2018 में उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है और जापान में भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। उनकी सास ललिता वकील को चंबा रूमाल की अनूठी कसीदाकारी के लिए पद्मश्री पुरस्कार से भी नवाजा गया है। अंजलि वकील बताती है कि चंबा रूमाल की प्रेरणा उन्हें सास से मिली और महज पंद्रह दिनों में ही इसे सीखने में वह कामयाब हो गई, जबकि अमूमन इस कारीगरी को सीखने के लिए लंबा वक्त लग जाता है। वह बताती है कि चंबा रूमाल तैयार करने के उपरांत उन्होंने अन्य डिजाइन पर काम करना शुरू किया।
लिहाजा अब दुपटट्े, शॉल और साड़ी पर भी इस कारीगरी को कर रही है। उनका कहना है कि सिल्क, बरवरी सिल्क आदि के कपड़े पर इसे तैयार करती है और इसके लिए रेशम का धागा इस्तेमाल किया जाता है, जिन्हें वह दिल्ली से मंगवाती है। वह बताती है कि 1500 रुपए से चंबा रूमाल की कीमत शुरू होती है। वह बताती हैं कि चंबा रूमाल की तीस से चालीस लाख तक की कीमत का भी है, जबकि सात लाख रूपए तक का चंबा रूमाल उन्होंने तैयार किया है। उनका कहना है कि मुकेश अंबानी की बेटे की शादी में भी विशेष तौर पर ललिता वकील को आमंत्रित किया गया था और चंबा रूमाल का ऑर्डर भी मिला था। अंजलि वकील बताती हंै कि वह आईआईटी मंड़ी और रूडक़ी में भी चंबा रूमाल का प्रशिक्षण दे चुकी है। इसके अलावा देश व प्रदेश के अन्य संस्थानों में भी ट्रेनिंग दे चुकी हैं।





