
कुनिहार :-
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्राचीन शिव तांडव गुफा के साथ-साथ कुनिहार स्थित प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर ,शिव मंदिर तालाब ,शिव मंदिर हरिपुर सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों में शिव भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही शिव गुफा सहित मंदिरों में दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव व अन्य देवी-देवताओं के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रसिद्ध प्राचीन शिव तांडव गुफा कुनिहार व क्षेत्र के मंदिर परिसरों में भक्ति का विशेष वातावरण बना रहा। भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और घंटियों की गूंज से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। शिव तांडव गुफा कुनिहार में सुबह 2:00 बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया था और दोपहर तक लंबी-लंबी लाइनो में लगकर श्रद्धालुओं को लंबे समय तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा ।स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से आए भक्तों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे दिनभर मंदिरों में रौनक बनी रही।
वहीं कुनिहार बाजार में भी महाशिवरात्रि को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह व्यापारियों व सामाजिक संगठनों द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। भक्तों के लिए दूध, आलू, खीर, गाजर का हलवा, फल व अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। लोगों ने श्रद्धाभाव से प्रसाद ग्रहण किया और सेवा कार्यों में सहयोग दिया।
पूरे दिन कुनिहार नगर धार्मिक उल्लास और सामाजिक समरसता का केंद्र बना रहा। मंदिर समितियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। महाशिवरात्रि का यह आयोजन क्षेत्र में आस्था, सेवा और भाईचारे का संदेश देकर संपन्न हुआ।





