श्री चिंतपूर्णी मंदिर : 25 तोले सोने का मुकुट और टीका अर्पित, पंजाब के श्रद्धालु ने मन्नत पूरी होने पर चढ़ाई भेंट

चिंतपूर्णी। अटूट आस्था और सच्ची भक्ति का अद्भुत उदाहरण उस समय देखने को मिला जब पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर मां चिंतपूर्णी को 25 तोले सोने का मुकुट और टीका अर्पित किया।

श्रद्धालु द्वारा दी गई यह भेंट केवल सोने के मूल्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भक्त के गहरे विश्वास, प्रेम और माता रानी के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतीक मानी जा रही है। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु की मनोकामना माता रानी की कृपा से पूरी हुई थी। मन्नत पूरी होने पर उन्होंने विशेष रूप से बनवाया गया सोने का मुकुट और टीका मां के चरणों में समर्पित किया।

मंदिर के पुजारी संदीप कालिया ने बताया कि सोमवार सुबह श्रद्धालु परिवार श्रद्धा भाव के साथ मंदिर पहुंचा और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सोने की भेंट अर्पित की। उन्होंने कहा कि माता रानी के दरबार में देश-विदेश से श्रद्धालु अपनी आस्था लेकर आते हैं और समय-समय पर इस प्रकार की भेंटें देकर अपनी भक्ति प्रकट करते रहते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी मंदिर में अनेक श्रद्धालु सोने-चांदी के मुकुट, छत्र और आभूषण सहित कई कीमती वस्तुएं दान कर चुके हैं, जो भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाता है।

इस विशेष भेंट के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। भक्तों का कहना है कि माता रानी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद अवश्य पूरी होती है और यही अटूट विश्वास लोगों को यहां बार-बार आने के लिए प्रेरित करता है।

Share the news