आप सोचते रहे और हमने डक्ट बना दिया, शिमला में 150 करोड़ के प्रोजेक्ट पर CM और जयराम में बहस

शिमला। राजधानी शिमला में बन रहे 150 करोड़ के डक्ट सिस्टम को लेकर विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर में बहस हुई। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रोजेक्ट को हम भी करना चाहते थे, लेकिन शिमला में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यह काम सेफ नहीं था। जवाब में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आप सिर्फ सोचते रहे और हमने यह प्रोजेक्ट बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटा शिमला सचिवालय से एडवांस स्टडी तक यह डक्ट बनेगा।

इसमें बिजली की तारें, पानी की लाइन के अलावा सारी सर्विस यूटिलिटी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि माल रोड पर शेर-ए-पंजाब से लोअर बाजार के लिए छोटा डक्ट होगा। इसके लिए अलग से स्टडी करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी में 500 करोड़ का कॉमर्शियल कांप्लेक्स प्रोजेक्ट अलग से आ रहा है। भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने भी लोअर बाजार के कारोबारी की शंकाओं को विधानसभा में रखा।

सुरक्षा इंतजाम बढ़ाएं

जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी तक डक्ट में जितना काम हुआ है, वहां सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। यहां तक की गड्ढे बिना ढक्कन के छोड़े हुए हैं। कोई निशान भी नहीं लगाया है। उन्होंने कहा कि रोड को एक साथ खोद देना गलत है। इसलिए सरकार इस काम को गति दे।

सलून गांव का दर्द उठा

जिला चंबा के भरमौर क्षेत्र की होली घाटी के आपदा प्रभावित गांव सलून का मामला मंगलवार को विधायक डा. जनक राज ने सदन में रखा। शून्यकाल में सदन के समक्ष रखे इस मामले पर कार्य करने का जल्द आश्वासन मांगा। विधायक ने कहा कि होली क्षेत्र की ग्राम पंचायत सांह का सलून गांव में मानसून के दौरान नुकसान हुआ था और लोगों का रास्ता भी पूरी तरह से बह गया। अब पानी कम है और लोग यहां पर 200 मीटर रास्ता बनाने की मांग कर रहे है। पहाड़ी से यह रास्ता निकलना है, लेकिन यह कार्य दो विभागों में फंस जाता है। डा. जनक राज ने कहा कि राजस्व मंत्री के साथ मौके का दौरा भी उक्त गांव का कर चुके हैं।

600 सरकारी भवन खाली

राज्य के सरकारी विभागों में करीब 600 ऐसे भवन मिले हैं, जो अभी खाली पड़े हैं। भाजपा विधायक सतपाल सत्ती के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने यह उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि अभी कुछ और विभागों और बोर्ड निगमों से भी लिस्ट आनी है, इसलिए इसी सत्र के आखिर में वह फाइनल फिगर भी रखेंगे। भाजपा विधायक ने पूछा था कि कितने भवन खाली हैं ंऔर सरकार इनका क्या इस्तेमाल करने जा रही है? सरकार की ओर से जवाब था कि सूचना एकत्रित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि क्योंकि सूचना कंप्लीट नहीं हो पाई थी, इसलिए अभी सही संख्या आने में थोड़ा सा वक्त लगेगा, लेकिन वह जल्द इसका कंप्लीट जवाब देंगे।

हर महीने होगी निगरानी

राज्य सरकार दिव्यांग कोटे का बैकलॉग भरने के लिए साल में दो बार भर्ती प्रक्रिया चला रही है और हर महीने इसकी निगरानी हो रही है। यह जवाब स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान दिया। यह सवाल भाजपा विधायक विनोद कुमार ने पूछा था, जिसमें अन्य सदस्यों ने भी अनुपूरक प्रश्न किया। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 12 नवंबर 2025 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में दिव्यांग बैकलॉग को लेकर बैठक हुई है और उसके बाद साल में दो बार सितंबर और अप्रैल में भर्ती प्रक्रिया करने का फैसला हुआ है। इन्हें चार फ़ीसदी कोटा दिया जाता है। अभी कोटे में 1449 पद खाली हंै और इनमें से 101 भरे जा चुके हैं।

Share the news